लेटेस्ट न्यूज़

आजम खान के खंजर वाले बयान पर चंद्रशेखर ने तोड़ी चुप्पी, बोले- कुछ तो मजबूरियां रही होंगी

आजम खान के 'पीठ में खंजर घोंपने' वाले आरोप पर चंद्रशेखर आजाद ने जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि आजम खान से उनकी कोई शिकायत नहीं है और दोनों के रिश्ते इतने खराब नहीं हैं. चंद्रशेखर ने यह भी कहा कि उनकी लड़ाई बीजेपी और एनडीए से है, किसी व्यक्ति से नहीं.

ADVERTISEMENT

UP Tak
social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद के बीच जुबानी बयानबाजी शुरू हो गई है. आजम खान ने चंद्रशेखर आजाद पर मुस्लिम मतदाताओं के भरोसे को तोड़ने का आरोप लगाया था. उनका कहना था कि नगीना के मुसलमानों ने चंद्रशेखर को वोट देकर जिताया, लेकिन उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी के साथ गठबंधन करके उन्हीं की पीठ में खंजर घोंप दिया.

अब चंद्रशेखर आजाद ने इस बयान पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने आजम खान के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि वह लंबे समय बाद जेल से बाहर आए हैं. उनकी अपनी राजनीतिक मजबूरियां हो सकती हैं. चंद्रशेखर ने यह भी कहा कि आजम खान से उन्हें कोई शिकायत नहीं है और दोनों के रिश्ते इतने खराब नहीं हैं कि इस तरह की बातें कही जाएं.

चंद्रशेखर आजाद ने कहा, ''मेरे हाथ में तो कलम है. मैं खंजर में भरोसा नहीं रखता.'' उन्होंने अपनी लड़ाई को सत्ता के खिलाफ बताते हुए कहा कि उनका और उनके गठबंधन सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का संघर्ष सत्ताधारी एनडीए और बीजेपी से है.

आजम खान के बयान पर क्या बोले चंद्रशेखर?

चंद्रशेखर आजाद से जब आजम खान के खंजर वाले बयान को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने सीधे टकराव का रास्ता नहीं चुना. उन्होंने कहा कि आजम खान लंबे समय बाद जेल से लौटे हैं. वह समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और उन्हें अपनी पार्टी को संभालने के लिए कई तरह की बातें कहनी पड़ती होंगी.

उनके मुताबिक, ''अपनी पार्टी को संभालने के लिए और अपनी पार्टी के नेताओं के निर्देश पर बहुत कुछ कहना पड़ता है. कुछ तो मजबूरियां रही होंगी. मेरे और उनके संबंध इतने खराब नहीं हैं कि उस तरह की बातें कहें.''

चंद्रशेखर ने कहा कि उन्हें आजम खान से कोई शिकायत नहीं है. उन्होंने अपने संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि वह भी अन्याय का सामना कर चुके हैं. उनके मुताबिक, उन्हें निर्दोष होने के बावजूद जेल में रखा गया और बाद में उन पर गोली भी चलाई गई, इसलिए उनकी लड़ाई सत्ता में बैठे लोगों के खिलाफ है.

नगीना की जनता के भरोसे पर भी दिया जवाब

आजम खान ने चंद्रशेखर आजाद पर एक और आरोप लगाया था. उनका कहना था कि नगीना की जनता ने उन्हें वोट देकर संसद पहुंचाया, लेकिन उन्होंने उन्हीं लोगों के भरोसे के साथ विश्वासघात किया है. इस आरोप पर चंद्रशेखर ने नगीना के मतदाताओं का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि वह नगीना की जनता के हमेशा आभारी रहेंगे. जब तक जीवित रहेंगे, वहां के लोगों के सम्मान के लिए खड़े रहेंगे.

चंद्रशेखर ने कहा, ''नगीना की जनता महान है. उन लोगों ने मुझे वोट दिया तो बहुत सोच-समझकर दिया. मैं हमेशा उनके लिए खड़ा रहूंगा और उनके भरोसे का मान रखने का काम करूंगा.'' उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सबसे बड़ी ताकत है. जनता जिसे चाहे आगे बढ़ा सकती है और जिसे चाहे पीछे कर सकती है. उनका भरोसा नगीना के लोगों पर है.

ओवैसी के साथ गठबंधन से नाराज हैं आजम खान

आजम खान की नाराजगी की एक बड़ी वजह चंद्रशेखर आजाद का असदुद्दीन ओवैसी के साथ हाथ मिलाना है. आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और ओवैसी की पार्टी AIMIM ने 12 नवंबर को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए गठबंधन का ऐलान किया था. दोनों दलों ने इसे 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' नाम दिया है.

इस गठबंधन के तहत उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की गई है. ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार भी घोषित किया है.

आजम खान ने इस गठबंधन पर सवाल उठाते हुए ओवैसी को भी निशाने पर लिया था. उन्होंने ओवैसी पर समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन की कोशिश नाकाम होने के बाद उसके खिलाफ बयानबाजी करने का आरोप लगाया. आजम ने ओवैसी की सभाओं में दिखाई जाने वाली भीड़ पर भी तंज कसा था.

चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी का गठबंधन बनने के बाद सपा के सामने भी राजनीतिक चुनौती को लेकर चर्चा हो रही है. खासकर मुस्लिम और दलित मतदाताओं के बीच इस नए मोर्चे की पकड़ को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

सपा और कांग्रेस को भी गठबंधन में शामिल होने का न्योता

सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के गठन के समय चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी ने दूसरे विपक्षी दलों के लिए भी गठबंधन के दरवाजे खुले रखने की बात कही थी. चंद्रशेखर ने कहा था कि बीजेपी को सत्ता से हटाने के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस भी उनके साथ आना चाहें तो उनका स्वागत है.

ये भी पढ़ें- आजम खान के हमलों के बीच आ गया ओवैसी का तगड़ा जवाब, बोले-हमारे पांव का कांटा हमीं से निकलेगा