यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर केशव प्रसाद मौर्य ने दे दिया बड़ा बयान, बोले- 2027 में कमल का फूल ही होगा चेहरा
यूपी चुनाव 2027 से पहले केशव प्रसाद मौर्य ने मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि भाजपा का चेहरा कमल का फूल होगा. साथ ही अखिलेश यादव और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए जीत का दावा किया. आखिर इसके क्या सियासी मायने हैं?
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियां जोर-शोर से जुट गई हैं. इस बीच उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा सियासी बयान दिया है. केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि प्रदेश में भाजपा के लिए मुख्यमंत्री का चेहरा 'कमल का फूल' है. जालौन में एक निजी कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने 2027 में तीसरी बार प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनने का दावा किया और सपा-कांग्रेस गठबंधन पर तीखा हमला बोला.
मुख्यमंत्री का चेहरा 'कमल का फूल-केशव प्रसाद मौर्य
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर पार्टी में कोई भ्रम नहीं है और टिकट किसी को भी मिले, 2027 में 'कमल का फूल' ही मुख्य चेहरा रहेगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार के कामकाज से बुंदेलखंड और पूरे प्रदेश की तस्वीर बदली है. मौर्य ने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में जालौन, बुंदेलखंड और समूचे उत्तर प्रदेश में 2017 जैसी ऐतिहासिक जीत दोहराई जाएगी.
सपा-कांग्रेस पर तंज और कानून-व्यवस्था का मुद्दा
विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन की 'खिचड़ी' पकती नहीं दिख रही है और अगर बन भी गई तो विपक्ष को इसका स्वाद चखने का मौका नहीं मिलेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता अपराधियों, माफियाओं और दंगाइयों को प्रश्रय देने वाली सपा की सत्ता में वापसी नहीं चाहती. मौर्य के मुताबिक चार बार सपा का शासन देख चुकी जनता को याद है कि अखिलेश यादव के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति से युवा, महिलाएं, किसान और व्यापारी प्रभावित हुए थे.
धार्मिक नारों और आस्था का जिक्र करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पहले 'जय श्री राम' का नारा लगता था और अब 'राधे-राधे कमल खिला दे' का नारा गूंज रहा है. उन्होंने इसे श्रद्धा, आस्था और विश्वास से जुड़ा विषय बताते हुए सवाल किया कि इससे अखिलेश यादव को आपत्ति क्यों होती है. इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में सपा-कांग्रेस और पंजाब में कांग्रेस 'मुंगेरीलाल के हसीन सपने' देख रहे हैं. जबकि पंजाब में भी इस बार भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी.
