अखिलेश को छोड़ योगी के साथ जाने वाले हैं राजभर? बैठकों का सिलसिला शुरू, जानें इनसाइड स्टोरी

कुमार अभिषेक

• 04:31 AM • 19 Mar 2022

2022 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी (एसपी) के साथ मिलकर लड़े सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) के मुखिया ओम प्रकाश राजभर को लेकर…

UP Tak
Google CTA

2022 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी (एसपी) के साथ मिलकर लड़े सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) के मुखिया ओम प्रकाश राजभर को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है. सूत्रों के अनुसार, ओम प्रकाश राजभर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेतृत्व वाले गठबंधन में वापस आ सकते हैं. मिली जानकारी के अनुसार, राजभर की शुक्रवार शाम यूपी चुनाव के लिए बीजेपी प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल के साथ मुलाकात हुई थी.

यह भी पढ़ें...

ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि शुक्रवार शाम बीजेपी के शीर्ष नेताओं के साथ हुई मुलाकात के बाद एसबीएसपी चीफ ओम प्रकाश राजभर योगी मंत्रिमंडल में भी शामिल हो सकते हैं. हालांकि, आधिकारिक तौर पर न ही ओमप्रकाश राजभर और न ही बीजेपी ने इसकी पुष्टि की है.

गौरतलब है कि 2017 का विधानसभा चुनाव ओम प्रकाश राजभर ने बीजेपी के साथ मिलकर लड़ा था और सरकार बनने पर वह मंत्रिमंडल में भी शामिल हुए थे. हालांकि, आपसी मतभेद होने के चलते उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी का साथ छोड़, मंत्रिमंडल से भी इस्तीफा दे दिया था.

2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में बीएसपी और कांग्रेस जैसी बड़ी पार्टियों से अच्छा प्रदर्शन करने वाले एसबीएसपी चीफ ओम प्रकाश राजभर अगर बीजेपी के साथ आते हैं, तो ऐसे में समाजवादी पार्टी को एक बड़ा झटका लगेगा. वहीं, राजभर के साथ आने से पूर्वांचल में बीजेपी स्थिति और मजबूत होगी.

कुछ ऐसे रहे यूपी चुनाव 2022 के नतीजे

आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में बीजेपी को कुल 255 सीटें हासिल हुई हैं, जबकि उसके सहयोगी दलों- अपना दल (सोनेलाल) को 12 और निषाद पार्टी को 6 सीटों पर जीत मिली है.

वहीं, समाजवादी पार्टी को 111 सीटें मिली हैं, जबकि उसके सहयोगी राष्ट्रीय लोक दल को 8 और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी को 6 सीटों पर कामयाबी मिली है. कांग्रेस और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक को दो-दो और बहुजन समाज पार्टी को एक सीट मिली है.

UP चुनाव: राजभर ने लगाया BJP और BSP में मिलीभगत का आरोप, कहा- ‘सबूत भी दे सकता हूं’