Mayawati News: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) चीफ मायावती ने संगठन में गुटबाजी और अनुशासनहीनता पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक सिद्धार्थ और पार्टी नेता नितिन सिंह को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया है. इन दोनों पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने का आरोप था, जिसके चलते यह सख्त कदम उठाया गया.
ADVERTISEMENT
मायावती ने X पर पोस्ट करते हुए कहा, "बीएसपी की ओर से ख़ासकर दक्षिणी राज्यों आदि के प्रभारी रहे डा अशोक सिद्धार्थ, पूर्व सांसद व श्री नितिन सिंह, ज़िला मेरठ को, चेतावनी के बावजूद भी गुटबाजी आदि की पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के कारण पार्टी के हित में तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित किया जाता है."
गुटबाजी पर गिरी गाज
डॉ. अशोक सिद्धार्थ बसपा प्रमुख मायावती के भतीजे आकाश आनंद के ससुर भी हैं और पार्टी के कद्दावर नेताओं में शुमार रहे हैं. वहीं, नितिन सिंह मेरठ के रहने वाले हैं और बसपा के दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के प्रभारी रह चुके हैं. दोनों नेताओं को पहले चेतावनी दी गई थी, लेकिन पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता जारी रहने पर उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया.
आकाश आनंद पर भी असर?
नितिन सिंह को आकाश आनंद का करीबी माना जाता है. जहां-जहां आकाश आनंद को संगठन की जिम्मेदारी मिली, वहां नितिन को भी प्रभारी बनाया गया. ऐसे में यह फैसला सीधे तौर पर मायावती के भतीजे आकाश आनंद के प्रभाव को कम करने की दिशा में उठाया गया एक बड़ा कदम माना जा रहा है.
मायावती ने दिया सख्त संदेश
इस फैसले से साफ हो गया है कि मायावती अब बसपा में अनुशासनहीनता और गुटबाजी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगी. इससे संगठन में कड़े फैसलों का संकेत भी दिया गया है.
ADVERTISEMENT











