‘सभी सीटों पर मेरे द्वारा ही उम्मीदवार तय किए जाएंगे’, मायावती ने आकाश आनंद को लेकर साफ किया रुख

आशुतोष चौबे

01 Aug 2026 (अपडेटेड: 01 Aug 2026, 08:28 AM)

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों और टिकट वितरण को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है. उन्होंने कहा है कि पार्टी के उम्मीदवारों को तय करने का अंतिम अधिकार उनके पास ही रहेगा.

Mayawati and Akash Anand (Photo: AI)

Mayawati and Akash Anand (Photo: AI)

Google CTA

Mayawati UP Ticket Distribution News: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों और टिकट वितरण को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है. उन्होंने कहा है कि पार्टी के उम्मीदवारों को तय करने का अंतिम अधिकार उनके पास ही रहेगा. आकाश आनंद को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी मायावती ने सफाई दी है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कुछ सीटों पर आकाश आनंद पार्टी के तय उम्मीदवारों के ऐलान के लिए जनसभाएं करेंगे, लेकिन उम्मीदवार तय करने में उनकी कोई भूमिका नहीं है. मायावती के इस बयान के बाद बसपा में टिकट वितरण को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगता दिख रहा है.

यह भी पढ़ें...

मायावती बोलीं- सभी सीटों पर मैं ही उम्मीदवार तय करूंगी

मायावती ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जिक्र करते हुए कहा, 'जैसाकि सर्वविदित है कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा आमचुनाव अब बहुत नज़दीक आ रहा है, जिसकी तैयारी हेतु मेरे खुद के द्वारा प्रदेश की पिछली कई राज्य स्तरीय बड़ी बैठकें लखनऊ पार्टी प्रदेश कार्यालय में ली गई हैं और आगे भी ज़रूरत के अनुसार ली जायेंगी.' उन्होंने आगे लिखा, 'जिसमें पार्टी के उम्मीदवार तय करने के लिए पार्टी के खासकर प्रदेश व मण्डल स्तरीय पदाधिकारियों को ज़रूरी दिशा-निर्देश दिये गये हैं, जिसके तहत ही अभी तक मेरे द्वारा उनका इन्टरव्यू आदि लेकर लखनऊ में लगभग 2 दर्जन से ज़्यादा उम्मीदवार तय/फाइनल कर दिये गये हैं और आगे भी सभी सीटों पर मेरे द्वारा ही उम्मीदवार तय किये जायेंगे.'

आकाश आनंद के नाम पर भ्रम फैलाने का आरोप

बसपा प्रमुख ने आकाश आनंद को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने साफ कहा कि उम्मीदवारों के चयन को लेकर आकाश आनंद की भूमिका की बात सही नहीं है. मायावती ने लिखा, 'जिसके बारे में अब पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक श्री आकाश आनन्द को लेकर किस्म-किस्म के भ्रम फैलाये जा रहे हैं जिसमें रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है.' यानी मायावती ने स्पष्ट किया कि आकाश आनंद पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश में विधानसभा उम्मीदवारों के चयन का अंतिम फैसला उनके हाथ में नहीं है.

उम्मीदवारों का ऐलान जनसभाओं में करेंगे आकाश आनंद

मायावती ने यह भी बताया कि जिन विधानसभा सीटों पर बसपा उम्मीदवार तय कर चुकी है, वहां उनकी अनुमति के बाद पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी जनसभाओं के जरिए प्रत्याशियों का ऐलान कर रहे हैं. उन्होंने लिखा, 'यहाँ यह भी अवगत कराना है कि यू.पी. की जिन विधानसभा की सीटों पर पार्टी के उम्मीदवार तय कर दिये गये हैं तो वहाँ मेरी अनुमति से ही पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा छोटी-बड़ी जनसभायें करके उनका ऐलान भी किया जा रहा है, जिसके तहत ही कुछ सीटों के उम्मीदवार का ऐलान श्री आकाश आनन्द भी पार्टी की जनसभा करके करेंगे.'
इस बयान से मायावती ने टिकट तय करने और उम्मीदवार के नाम के सार्वजनिक ऐलान की जिम्मेदारी के बीच अंतर साफ करने की कोशिश की है.

आकाश आनंद की जिम्मेदारियों का भी किया जिक्र

मायावती ने अपने पोस्ट में आकाश आनंद की पार्टी के भीतर निभाई जा रही जिम्मेदारियों का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा, 'हालाँकि इससे पहले देश के कई राज्यों में अभी हाल ही में विधानसभा के आमचुनाव हुये हैं जहाँ मेरे दिशा-निर्देशन में ही चुनावी जनसभा लेने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक श्री आकाश आनन्द को भेजा गया और पिछले लगभग एक वर्ष से इनकी पूरे देश में पार्टी संगठन की समीक्षा बैठकें व जनसभा आदि करने के लिए भी इनको भेजा जा रहा है और वे भी पूरी ईमानदारी व निष्ठा से अपनी ज़िम्मेवारी को निभा रहे हैं.' मायावती के मुताबिक, आकाश आनंद को संगठन की समीक्षा बैठकों और चुनावी जनसभाओं की जिम्मेदारी लगातार दी जाती रही है.

आकाश आनंद ने किया था संबोधन

मायावती ने अपने पोस्ट में 9 अक्टूबर 2025 को लखनऊ में हुई बसपा संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि की ऐतिहासिक महारैली का भी जिक्र किया. उन्होंने लिखा, 'इससे पहले यू.पी. की राजधानी लखनऊ में दिनांक 9 अक्तूबर सन् 2025 को मान्यवर श्री कांशीराम जी की पुण्यतिथि पर पार्टी की ऐतिहासिक महारैली भी हुई, जिसमें श्री आकाश आनन्द को बोलने का मौक़ा दिया गया.' उन्होंने आगे कहा कि इससे पहले लोकसभा के आम चुनाव में भी आकाश आनंद को पूरे उत्तर प्रदेश के साथ देश के अन्य राज्यों में पार्टी की चुनावी जनसभाएं करने के लिए भेजा गया था. मायावती ने कहा कि इन गतिविधियों से जुड़ी जानकारी सोशल मीडिया पर भी मौजूद है.

मायावती ने आकाश आनंद पर दी सफाई

बसपा प्रमुख ने आखिर में आकाश आनंद की भूमिका को लेकर चल रही चर्चाओं को पार्टी की सामान्य प्रक्रिया बताया. उन्होंने लिखा, 'जबकि यह सब पार्टी की रूटीन प्रक्रिया के तहत्‌ हो रहा है. इसका श्री आकाश आनन्द के क़द को बढ़ाने व कम करने आदि से कोई लेना देना नहीं है और ना ही पार्टी के उम्मीदवार भी तय करने से कोई लेना देना है.'

मायावती ने आगे कहा, 'यह भी पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों की तरह ही पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष के दिशा-निर्देशन में यू.पी. में कुछ स्थानों पर पार्टी के उम्मीदवार के ऐलान के लिये जनसभा कर रहे हैं.' उन्होंने सोशल मीडिया पर आकाश आनंद को लेकर की जा रही चर्चाओं पर भी आपत्ति जताते हुए लिखा, 'लेकिन फिर भी इनके बारे में सोशल मीडिया आदि पर आए दिन अनाप-सनाप बातें करना यह ठीक नहीं है. पार्टी के लोग ऐसे सभी शरारती व जातिवादी तत्वों से हमेशा सावधान रहें.'

मायावती के इस बयान से एक बात साफ है कि बसपा में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों का अंतिम फैसला मायावती ही करेंगी, जबकि आकाश आनंद को पार्टी के तय उम्मीदवारों के ऐलान और संगठन से जुड़ी गतिविधियों की जिम्मेदारी दी जा रही है.