संसद परिसर से एक बेहद हैरान कर देने वाली तस्वीर सामने आई है. पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव साधु के भेष में दान-पात्र लेकर पहुंचे. अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और घोटाले के आरोपों को लेकर विपक्ष ने संसद के बाहर यह अनोखा और नाटकीय प्रदर्शन किया. इस दौरान कभी राहुल गांधी उन्हें चंदा देते दिखे तो कभी सपा सांसद अवधेश प्रसाद उनका गला पकड़कर 'सजा' की मांग करते नजर आए. बीजेपी के खिलाफ विपक्ष के इस अनोखे विरोध प्रदर्शन का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
साधु के भेष में दान-पात्र लेकर पहुंचे पप्पू यादव
शुक्रवार को राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्ष ने संसद परिसर में अनोखा तरीका अपनाया. पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव बाकायदा पुजारी/साधु का भेष धारण कर हाथ में दान-पात्र लेकर पहुंचे. उन्होंने सांकेतिक रूप से दिखाया कि कैसे मंदिर में कथित रूप से चढ़ावे की चोरी की गई. पप्पू यादव के इस रूप को देखकर वहां मौजूद सभी सांसद हैरान रह गए.
राहुल गांधी ने दिया 'चंदा' और अवधेश प्रसाद ने पकड़ा गला
प्रदर्शन के दौरान जबरदस्त ड्रामा देखने को मिला. एक तरफ जहां कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पप्पू यादव के दान-पात्र में सांकेतिक रूप से चंदा डालते नजर आए. वहीं फैजाबाद (अयोध्या) से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने पप्पू यादव का गला पकड़ लिया और 'चढ़ावा चोरी' के लिए सजा की मांग करने लगे. बाकी विपक्षी सांसद भी उनके पीछे भागते और उन्हें खदेड़ते हुए दिखाई दिए.
"चढ़ावा चोर, गद्दी छोड़"
इस ड्रामे और प्रदर्शन का वीडियो अपने ऑफिशियल X हैंडल पर शेयर करते हुए कांग्रेस ने लिखा 'चढ़ावा चोर, गद्दी छोड़. राम मंदिर में बीजेपी-आरएसएस ने चढ़ावा चोरी कर देश के करोड़ों राम भक्तों की श्रद्धा के साथ खिलवाड़ किया है. यह महापाप है.' कांग्रेस ने आगे लिखा कि विपक्ष के सांसदों ने बेहद अनोखे अंदाज में इस कथित घोटाले के खिलाफ संसद परिसर में आवाज उठाई है.
बीजेपी ने जताई आपत्ति
राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के आरोपों को लेकर विपक्ष लगातार संसद के भीतर चर्चा कराने पर अड़ा हुआ है. वहीं संसद के बाहर पप्पू यादव और विपक्षी सांसदों के इस नाटकीय और अनोखे प्रदर्शन का भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा विरोध जताया है.
ADVERTISEMENT











