'आप लोग भी चंदा दीजिए'... संसद में दान पेटी लेकर पहुंचीं डिंपल यादव और पत्रकारों से करने लगीं ये मांग

यूपी तक

• 02:18 PM • 29 Jul 2026

राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर समाजवादी पार्टी ने संसद परिसर में प्रदर्शन किया. सांसद डिंपल यादव दान पेटी लेकर पहुंचीं, जबकि अखिलेश यादव ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए.

Dimple Yadav News

Dimple Yadav News

Google CTA

संसद के मॉनसून सत्र के दौरान उस समय अलग नजारा देखने को मिला, जब समाजवादी पार्टी के सांसद राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन करने पहुंचे. इस दौरान मैनपुरी सांसद डिंपल यादव हाथ में 'दान पेटी' लेकर संसद परिसर पहुंचीं. उन्होंने मीडिया कर्मियों की ओर दान पेटी बढ़ाते हुए चंदा देने की बात कही. वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस मुद्दे पर सरकार पर निशाना साधा.

यह भी पढ़ें...

दान पेटी के साथ संसद पहुंचीं डिंपल यादव

संसद के मकर द्वार पर समाजवादी पार्टी के सांसदों ने राम जन्मभूमि मंदिर के दान पात्र से चढ़ावे की चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के मुद्दे पर प्रदर्शन किया. सांसदों ने 'चढ़ावा चोर गद्दी छोड़' और 'चंदा चोर गद्दी छोड़' जैसे नारे लगाए. प्रदर्शन की अगुवाई सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव कर रहे थे.

इस प्रदर्शन के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा सांसद डिंपल यादव की रही. वह अपने हाथ में 'दान पेटी' लेकर संसद पहुंचीं. दान पेटी पर बड़े अक्षरों में 'दान पेटी' लिखा था. डिंपल यादव ने मीडिया कर्मियों की ओर दान पेटी बढ़ाते हुए कहा, "आप लोग भी पहले दान दीजिए, चंदा दीजिए." इसके बाद यह नजारा चर्चा का विषय बन गया.

डिंपल यादव ने लगाए गंभीर आरोप

प्रदर्शन के दौरान डिंपल यादव ने कहा कि वर्षों से लोग श्रद्धा और आस्था के साथ भगवान राम के चरणों में चढ़ावा और दान अर्पित करते रहे हैं. उनका आरोप था कि भारतीय जनता पार्टी और उससे जुड़े लोगों ने इस चंदे को हजम करने का काम किया है.

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार अयोध्या जाते रहे हैं, इसलिए इस मामले पर जवाब देना उनका दायित्व है. डिंपल यादव ने यह भी कहा कि दो साल पहले भी एसआईटी जांच हुई थी, लेकिन उसका निष्कर्ष आज तक सामने नहीं आया. उनके अनुसार, एसआईटी का गठन केवल खानापूर्ति के लिए किया जाता है ताकि कुछ समय बाद मामला ठंडा पड़ जाए.

अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा

प्रदर्शन के दौरान अखिलेश यादव ने भी सरकार पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि यदि सरकार श्रद्धा से चढ़ाए गए चढ़ावे की सुरक्षा नहीं कर सकती, तो उससे यह उम्मीद कैसे की जा सकती है कि वह पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोक पाएगी या परीक्षाएं रद्द होने से बचा पाएगी.

अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग श्रद्धा के साथ खिलवाड़ कर सकते हैं, वे युवाओं के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जब तक सरकार नहीं बदलेगी, तब तक समस्याओं का समाधान संभव नहीं है.

दान पेटी बनी प्रदर्शन का केंद्र

संसद के बाहर समाजवादी पार्टी के इस प्रदर्शन में डिंपल यादव की दान पेटी सबसे ज्यादा चर्चा में रही. राजनीतिक गलियारों में आरोप-प्रत्यारोप के साथ-साथ इस दान पेटी की भी खूब चर्चा हुई. कुछ समय के लिए यह संसद परिसर के प्रदर्शन का सबसे प्रमुख दृश्य बन गई.

यहां देखें वीडियो