अखिलेश यादव के 'नन्हे सिपाही' देवेंद्र गौतम ने जंतर-मंतर पर जोशेले भाषण से माहौल बना दिया, 12वीं के इस छात्र का अबतक का सफर देखिए

दिल्ली के जंतर-मंतर पर इंटर के छात्र देवेंद्र कुमार गौतम का भाषण वायरल हो गया. छात्र ने खुद को समाजवादी पार्टी का कार्यकर्ता बताया और अखिलेश यादव से कई बार मुलाकात का दावा किया.

Photo: Devendra Gautam and Akhilesh Yadav

Photo: Devendra Gautam and Akhilesh Yadav

Google CTA

दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे एक विरोध प्रदर्शन के दौरान 12वीं कक्षा के एक छात्र का भाषण सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया. मंच से छात्र ने जोशीले अंदाज में कविता और नारे लगाए, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उसकी जमकर सराहना की. कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद लोगों ने उसे गले लगाकर उसकी हौसला अफजाई भी की. बाद में बातचीत में छात्र ने अपना नाम देवेंद्र कुमार गौतम बताया और कहा कि वह उत्तर प्रदेश के फतेहपुर का रहने वाला है तथा इंटरमीडिएट का छात्र है.

यह भी पढ़ें...

कौन हैं देवेंद्र कुमार गौतम?

देवेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि वह फतेहपुर जिले के रहने वाले हैं और इस समय इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रहे हैं. उनका कहना है कि वह वर्ष 2020 से समाजवादी पार्टी के साथ सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं, जबकि वर्ष 2017 से पार्टी के विचारों से प्रभावित हैं. उन्होंने यह भी कहा कि वह समाजवादी पार्टी की लोहिया वाहिनी के साथ संगठनात्मक कार्यों में हिस्सा लेते हैं.

जंतर-मंतर क्यों पहुंचे?

देवेंद्र ने बताया कि वह जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन में समर्थन देने पहुंचे थे. उनका कहना था कि महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर वह अपनी आवाज उठाना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि आंदोलन में शामिल लोगों के संघर्ष के समर्थन में वह भी वहां पहुंचे.

पढ़ाई के साथ राजनीति भी

देवेंद्र ने दावा किया कि वह पढ़ाई और राजनीति दोनों को साथ लेकर चल रहे हैं. उन्होंने बताया कि हाईस्कूल की परीक्षा में उन्होंने 76.66 प्रतिशत अंक हासिल किए थे. उनका कहना था कि वह रोजाना पढ़ाई के लिए समय निकालते हैं और राजनीतिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहते हैं.

अखिलेश यादव से कई बार मुलाकात का दावा

बातचीत के दौरान देवेंद्र ने दावा किया कि उनकी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से कई बार मुलाकात हो चुकी है. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव हमेशा उन्हें पढ़ाई जारी रखने की सलाह देते हैं. देवेंद्र के मुताबिक, पार्टी की ओर से उन्हें पढ़ाई में सहयोग भी मिला है और हाल ही में उन्हें लैपटॉप भी दिया गया.

मंच से सरकार पर लगाए आरोप

कार्यक्रम के दौरान देवेंद्र कुमार गौतम ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर बेरोजगारी, पेपर लीक, महंगाई और कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने राम मंदिर से जुड़े चोरी के मामले और अन्य मुद्दों का भी जिक्र किया. साथ ही उन्होंने दावा किया कि युवाओं की समस्याओं को पर्याप्त महत्व नहीं दिया जा रहा है. ये सभी आरोप देवेंद्र कुमार गौतम के व्यक्तिगत बयान हैं.

कविता और नारों से बटोरी सुर्खियां

जंतर-मंतर के मंच से देवेंद्र ने देशभक्ति की कविताएं और शायरियां भी सुनाईं. उन्होंने "सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है..." जैसी पंक्तियां पढ़ीं, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया. उनके भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है.

सोशल मीडिया पर चर्चा

देवेंद्र कुमार गौतम का यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कुछ लोग उनकी बेबाक शैली की तारीफ कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग इतनी कम उम्र में उनकी सक्रिय राजनीति को लेकर सवाल भी उठा रहे हैं. फिलहाल जंतर-मंतर पर दिए गए उनके भाषण और बयानों की चर्चा जारी है.

पूरा वीडियो यहां देखें: