Bharat Bandh 2024 : सुप्रीम कोर्ट द्वारा अनुसूचित जाति (SC) व जनजाति (ST) आरक्षण में क्रीमीलेयर पर दिए गए फैसले के खिलाफ आज कई संगठनों ने भारत बंद का आह्वान किया है. वहीं उत्तर प्रदेश में भारत बंद का बसपा और सपा जैसी पार्टियों ने भी बंद का समर्थन किया है. उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भारत बंद का असर भी देखने को मिल रहा है. तमाम राजनीतिक पार्टियों के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन कर रहे हैं. वहीं आजाद समाज पार्टी के मुखिया चंद्रशेखर आजाद भी सड़क पर उतर कर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफा प्रदर्शन कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT
सड़क पर उतरे चंद्रशेखर
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भारत बंद में प्रदर्शन करते हुए भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर ने अपनी कुछ तस्वीरें पोस्ट की. तस्वीरों के साथ नगीना सांसद ने लिखा कि, 'उसूलों पे जहाँ आँच आये तो टकराना ज़रूरी है, जो ज़िन्दा हों तो फिर ज़िन्दा नज़र आना ज़रूरी है.'बता दें कि चंद्रशेखर आजाद दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं. वहीं भारत बंद का असर उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है. बिजनौर, अलीगढ़, हापुड़ समेत कई जिलों में प्रदर्शनकारियों ने रोड जाम कर दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. इसमें बहुजन समाज पार्टी, समाजवादी पार्टी, आजद समाज पार्टी सहित तमाम दलित संगठन शामिल हैं.
क्यों हो रहे प्रदर्शन
सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में अपने एक फैसले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लोगों के बीच में ही अलग-अलग श्रेणियां बनाने की राज्य सरकारों को मंजूरी दी थी. कोर्ट ने कहा था कि आरक्षण का सबसे अधिक फायदा जरूरतमंदों को मिलना चाहिए. ऐसे में इस फैसले के खिलाफ दलित संगठनों के साथ कई राजनीतिक पार्टियों ने 21 अगस्त को भारत बंद बुलाया है. प्रदर्शन में कोर्ट से इस फैसले को वापस लेने की मांग की जा रही है.
ADVERTISEMENT











