समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गंगा एक्सप्रेसवे पर सड़क में दिखाई दे रही दरारों का दावा करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया है. वीडियो के साथ अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार पर निशाना साधते हुए इसे भ्रष्टाचार से जोड़ा और लोगों को सावधान रहने की बात कही.
ADVERTISEMENT
अखिलेश यादव ने पोस्ट में लिखा, “सावधान… ख़तरें में है आपकी जान!” उन्होंने आगे कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे पर नदी की धाराओं की तरह दिख रहीं अनगिनत दरारें भाजपा के भ्रष्टाचार की गवाही दे रही हैं. अखिलेश ने आरोप लगाते हुए लिखा, “भाजपा का भ्रष्टाचार जानलेवा है.”
कमेंट में लोगों ने पूछा- कब आएगी आपकी सरकार?
अखिलेश यादव की इस पोस्ट पर लोगों ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं. कुछ यूजर्स ने उनके आरोपों पर सवाल उठाते हुए लिखा कि वीडियो शेयर करने से पहले तथ्यों की जांच कर लेनी चाहिए. वहीं, कुछ ने सवाल पूछ लिया, “कब आएगी आपकी सरकार?? भईया जी.”
पहले भी गंगा एक्सप्रेसवे को लेकर उठे हैं सवाल
गंगा एक्सप्रेसवे को लेकर पिछले दिनों भी सड़क की हालत चर्चा में रही है. अगस्त में भारी बारिश के बाद उन्नाव के पास एक्सप्रेसवे के एक हिस्से में बड़ा गड्ढा होने की खबर सामने आई थी. रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 10 मीटर गहरा गड्ढा बना था. इस घटना के बाद एक्सप्रेसवे के निर्माण और जल निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे.
एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज को जोड़ने वाला उत्तर प्रदेश का प्रमुख एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट है. इसकी लंबाई करीब 594 किलोमीटर है और परियोजना की लागत करीब 36 हजार करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है. बारिश के दौरान सड़क के एक हिस्से के क्षतिग्रस्त होने के बाद इसकी गुणवत्ता को लेकर राजनीतिक बहस भी तेज हुई.
अब अखिलेश की इस पोस्ट पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी देखने को मिल सकती है. फिलहाल सोशल मीडिया पर उनकी पोस्ट के कमेंट सेक्शन में समर्थकों के साथ-साथ विरोधी यूजर्स भी अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
ADVERTISEMENT











