'UP का जाट समाज आक्रोशित है...' अखिलेश यादव ने बताया सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद क्या मांग उठ रही?

हर्ष वर्धन

• 11:53 AM • 27 Aug 2026

Ankit Baliyan Murder Update: शामली में हरियाणवी सिंगर और एक्टर अंकित बालियान की दिनदहाड़े 20 राउंड गोलियां बरसाकर हत्या किए जाने के बाद हरियाणा की कुख्यात 'गोगी गैंग' ने सोशल मीडिया पर इसकी जिम्मेदारी ली है. उधर, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इसे जाट समाज पर प्रहार बताते हुए योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है.

Akhilesh Yadav on Ankit Baliyan Murder

Akhilesh Yadav on Ankit Baliyan Murder

Google CTA

Ankit Baliyan Murder Update: शामली में फेमस सिंगर और एक्टर अंकित बालियान की हत्या के बाद सनसनी फैल गई है. मृतक के परिजन हत्यारों के एनकाउंटर की मांग कर रहे हैं. वहीं अंकित की मां का रो-रोकर बुरा हाल है. वो बार-बार बेसुध हो जा रही हैं. वहीं, अंकित की हत्या पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने अपनी प्रतिक्रया दी है. अखिलेश ने यूपी की भाजपा सरकार पर हमला बोला है. साथ ही आरोप लगाया है कि 'अंकित की हत्या को जाट समाज अपने ऊपर प्रहार मानकर आक्रोशित है. ' आपको बता दें कि आज अंकित का अंतिम संस्कार होगा. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है.

यह भी पढ़ें...

अखिलेश यादव ने कहा, "उप्र की कानून-व्यवस्था को शून्य करते हुए जिस प्रकार शामली में लोकप्रिय गायक अंकित बालियान की 18 राउंड गोलियां चलाकर बेरहमी से हत्या की गई है उससे पूरे क्षेत्र में भय व्याप्त हो गया है. मृतक की दुखी मां के द्वारा अपने बेटे के शव को गोद में रखकर सड़क पर ही शोकाकुल होने का समाचार हृदयविदारक है. जाट समाज ने हमलावारों की गिरफ़्तारी को लेकर सड़क पर ही अपनी मांग बुलंद की है. उप्र का समस्त जाट समुदाय इसे अपने ऊपर प्रहार मानकर आक्रोशित है. इस हत्याकांड की जांच राजनीतिक प्रतिद्वंदिता के दृष्टिकोण से भी किये जाने की मांग उठ रही है. बेहद निंदनीय!"

अंकित की चाची ने लगाए ये आरोप

अंकित बालियान की चाची ने पुलिस पर भी लापरवाही के आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि 'हरियाणा से बदमाश शामली में आ गए, हत्या कर गए, आखिर पुलिस क्या कर रही थी? हत्या के बाद शव को सीधे पोस्टमॉर्टम को लेकर चले गए. हमें बताया तक नहीं. राखी के त्यौहार से पहले घर में मातम पसरा हुआ है.' 

अंकित लड़ने वाले थे जिला पंचायत का चुनाव!

अंकित की चाची ने कहा, "अंकित जिला पंचायत का चुनाव लड़ने वाला था. उसकी किसी से दुश्मनी नहीं थी. पता नहीं कहां के शूटर था, और किसलिए उन्होंने हमारे बेटे को मार डाला. बस पुलिस कातिलों का एनकाउंटर करे."

गोगी गैंग ने ली सिंगर अंकित बालियान के हत्या की जिम्मेदारी

उत्तर प्रदेश के शामली जिले में हरियाणवी सिंगर और एक्टर अंकित बालियान की दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले में एक सनसनीखेज मोड़ आ गया है. सरेराह 20 राउंड फायरिंग कर सिंगर को मौत के घाट उतारने के बाद अब हरियाणा की कुख्यात 'गोगी गैंग' ने इस वारदात की जिम्मेदारी ली है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर गैंग ने न सिर्फ हत्या की वजह बताई है बल्कि खुलेआम आगे और खून-खराबा करने की खौफनाक धमकी भी दी है. 

ये भी पढ़ें: ये तो बस शुरुआत है, अभी और... गोगी गैंग ने ली सिंगर अंकित बालियान के हत्या की जिम्मेदारी, बताई वजह