Akhilesh Yadav News: गौतमबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा में समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक निजी कार्यक्रम में शिरकत की. इस दौरान उन्होंने मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कटाक्ष भरे अंदाज में कहा, "देखना चाहिए कि बीजेपी सरकार के दौरान लोकतंत्र कैसे मजबूत होता है." मालूम हो कि अखिलेश यादव मिल्कीपुर में उपचुनाव की वोटिंग के बाद से लगातार धांधली के आरोप लगा रहे हैं. उन्होंने चुनाव आयोग पर भी तीखा प्रहार किया है.
ADVERTISEMENT
मरे हुए लोगों ने वोट दिया: अखिलेश
अखिलेश यादव ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि मिल्कीपुर उपचुनाव में धांधली की सारी हदें पार हो गईं. उन्होंने कहा, "इस चुनाव में मरे हुए लोगों ने वोट दिया, आसपास के जनपदों से भीड़ बुलाई गई, टारगेट दिए गए और ऑडियो भी वायरल हुए. यह पूरी तरह वेल प्लांड चुनाव था, जिसे देखकर ऐसा लगा मानो यह 144 साल पुराना चुनाव हो." सपा प्रमुख ने यह भी संकेत दिया कि लोकतंत्र की स्थिति बेहद चिंताजनक है और सत्ता पक्ष चुनावों में प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग कर रहा है. उनके इस बयान के बाद मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर नया सियासी घमासान खड़ा हो सकता है.
8 फरवरी को जारी होंगे नतीजे
गौरतलब है कि पिछले साल लोकसभा चुनाव में फैजाबाद लोकसभा सीट जीतने के बाद सपा सांसद अवधेश प्रसाद द्वारा मिल्कीपुर सीट खाली करने के बाद उपचुनाव की जरूरत पड़ी. निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस सीट पर पांच फरवरी को शाम पांच बजे तक 65.25 फीसदी वोट डाले गए. सपा जहां सीट बरकरार रखने की कोशिश कर रही है, वहीं भाजपा इस चुनाव को फैजाबाद में अपनी हार का बदला लेने के अवसर के रूप में देख रही है. साल 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मिल्कीपुर सीट पर भाजपा हार गई थी. यह भी बता दें कि उपचुनाव के नतीजे 8 फरवरी को घोषित होंगे.
ADVERTISEMENT











