UP News: नूंह हिंसा का आरोपी राजकुमार उर्फ बिट्टू बजरंगी अब एक कथित शादी के नाम पर ठगी का शिकार होने के कारण सुर्खियों में है. बिट्टू बजरंगी ने फरीदाबाद की पर्वतीय कॉलोनी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई है कि शादी के नाम पर उससे करीब 30 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई है. आलम यह रहा कि बिट्टू बजरंगी बारात लेकर अलीगढ़ पहुंचा लेकिन वहां न दुल्हन मिली और न ही बिचौलिया.
ADVERTISEMENT
कैसे बुना गया ठगी का जाल?
बिट्टू बजरंगी द्वारा दी गई शिकायत के मुताबिक, उसके पड़ोस के एक जानकार का रिश्तेदार बंटी घर आता-जाता था. घर की परिस्थितियों के कारण बिट्टू ने बंटी से शादी के लिए लड़की देखने को कहा. बंटी ने उसे रानी उर्फ लक्ष्मी नाम की महिला से मिलवाया. रानी और बंटी ने बिट्टू को तीन बार अलीगढ़ बुलाकर कुछ लड़कियां दिखाईं, लेकिन बात नहीं बनी. बाद में बंटी ने बिट्टू के मोबाइल पर एक फोटो भेजी, जो उसे पसंद आ गई. इसके बाद शादी का सौदा तय हुआ.
एडवांस लेकर घर पहुंचे लड़की वाले
FIR के अनुसार, बिचौलिये बंटी ने किराए के नाम पर पहले 3000 रुपये लिए. 5 सितंबर 2025 को लड़की और उसके परिवार वाले दो गाड़ियों में सवार होकर फरीदाबाद स्थित बिट्टू बजरंगी के घर पहुंचे. वहां बातचीत पक्की हुई. लड़की वालों ने 7 तारीख को अलीगढ़ के एक मंदिर में शादी करने का समय तय किया. इस बीच 6 तारीख को बंटी और उसके साथी प्रदीप ने शादी के नाम पर बिट्टू से 30000 रुपये एडवांस अपने अकाउंट में डलवा लिए.
मंदिर में बजरंगी ने किया घंटों इंतजार, बिना दुल्हन लौटी बारात
7 सितंबर को बिट्टू बजरंगी तय समय और स्थान के अनुसार बारात लेकर उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ पहुंचा. लेकिन मंदिर पहुंचने पर उसके होश उड़ गए. वहां न तो दुल्हन का परिवार था और न ही बिचौलिया बंटी मौजूद था. बिट्टू ने कई बार बंटी, रानी और प्रदीप को फोन किया लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की. घंटों इंतजार करने के बाद दूल्हे बिट्टू बजरंगी को बिना दुल्हन के ही बारात वापस लेकर फरीदाबाद लौटना पड़ा.
मानसिक रूप से परेशान किया गया: बजरंगी
बिट्टू बजरंगी का आरोप है कि इस पूरे प्रकरण में उसके करीब 1 लाख रुपये खर्च हुए हैं और उसे मानसिक रूप से परेशान किया गया है. उसने पुलिस को बताया कि यह एक बड़ा रैकेट हो सकता है.
बिट्टू बजरंगी की शिकायत पर फरीदाबाद के सारन थाने में 19 फरवरी 2026 को आरोपी बंटी, रानी उर्फ लक्ष्मी और प्रदीप समेत 7-8 अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT









