आगरा में चांदनी की हत्या के बाद कातिल पति ने पहले जलाई बॉडी फिर हड्डियां यमुना में फेंकीं, लेकिन खुल गया राज!

अरविंद शर्मा

• 05:29 PM • 01 Oct 2026

आगरा के अछनेरा में घरेलू विवाद के बाद पति ने पत्नी चांदनी की हत्या कर शव जला दिया. हड्डियां यमुना में फेंककर गुमशुदगी का नाटक किया. लेकिन पुलिस पूछताछ में राज खुल गया. आरोपी गिरफ्तार, हड्डियां और मोबाइल बरामद किए गए.

Agra Crime News

Agra Crime News

Google CTA

आगरा के अछनेरा में कत्ल और साजिश की एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. यहां एक पति ने घरेलू विवाद में अपनी 30 साल की पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात को छुपाने के लिए दरिंदे पति ने शव को घर के पीछे बने बाड़े में टीनशेड के नीचे जला दिया और सबूत मिटाने के लिए बची हुई हड्डियों को आगरा लाकर यमुना नदी में बहा दिया. हद तो तब हो गई जब कातिल पति खुद थाने पहुंचकर पत्नी के लापता होने का नाटक करने लगा. लेकिन 2 साल की मासूम बच्ची और पुलिस की नजर ने इस खौफनाक क्राइम ड्रामा का भंडाफोड़ कर दिया.

यह भी पढ़ें...

कत्ल, आग और साक्ष्य मिटाने की सनसनीखेज साजिश

वारदात अछनेरा थाना क्षेत्र के कुकथला गांव की है. यहां रहने वाले 32 साल के लोकेन्द्र की शादी साल 2022 में सिकंदरा के अकबरा गांव की चांदनी से हुई थी. दोनों की 2 साल की एक बेटी भी है. पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को घरेलू विवाद के दौरान लोकेन्द्र के सिर पर खून सवार हो गया. उसने चांदनी की हत्या कर दी और शव को मवेशियों के बाड़े में ले जाकर टीनशेड के नीचे चुपचाप जला दिया.

शव जलने के बाद उसने साक्ष्य मिटाने की नीयत से हड्डियां समेटीं और आगरा लाकर उन्हें यमुना नदी में फेंक दिया. इसके बाद उसने अपनी पत्नी का मोबाइल सिकंदरा इलाके में फेंक दिया और अपना मोबाइल बंद कर घर में छिपा दिया.

थाने में रचा गुमशुदगी का ढोंग

खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर लोकेन्द्र मंगलवार रात खुद अछनेरा थाने पहुंचा और पुलिस को गुमराह करते हुए पत्नी के लापता होने की शिकायत दर्ज करा दी. इसी बीच चांदनी का भाई मनोज भी थाने पहुंच गया और लोकेन्द्र पर बहन के साथ अक्सर मारपीट करने व अनहोनी की आशंका जताते हुए गंभीर आरोप लगाए.

बुधवार को जब पुलिस जांच के लिए कुकथला गांव पहुंची तो कत्ल की कहानी की परतें खुलने लगीं. पुलिस ने देखा कि चांदनी की 2 साल की मासूम बेटी एक दुकान के बाहर अकेली खेल रही थी. घर का माहौल और परिस्थितियां संदिग्ध नजर आते ही पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया.

पुलिस की सख्ती के आगे टूटा कातिल, यमुना किनारे मिलीं हड्डियां

पुलिस ने लोकेन्द्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. बुधवार शाम करीब 7 बजे जब पुलिस ने कड़ाई से सवाल-जवाब किए तो आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने यमुना किनारे से शव की हड्डियां और मृतका का मोबाइल फोन बरामद कर लिया.

एसीपी अछनेरा शैलेन्द्र सिंह के मुताबिक, पुलिस चौकी से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई इस सनसनीखेज वारदात में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस अब हत्या की मुख्य वजह और इस वारदात में किसी अन्य की भूमिका समेत सभी कानूनी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें: चलती फ्लाइट में को-पायलट ने किया हमला, घायल होकर कैप्टन स्मित मच्छार ने बचाई 174 यात्रियों की जान, CM योगी तारीफ करते नहीं थके!