मुजफ्फरनगर के मीनाक्षी चौक पर मंगलवार देर शाम समाजवादी पार्टी के दो नेता आपस में ही भिड़ गए. सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के खिलाफ की गई टिप्पणियों से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते सड़क पर हाथापाई, लात-घूंसों और बेल्टबाजी तक पहुंच गया. इस हाई-वोल्टेज सियासी ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. घटना का संज्ञान लेते हुए जहां पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं बैकफुट पर आई समाजवादी पार्टी ने दोनों कार्यकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी करने का फैसला किया है.
ADVERTISEMENT
कमेंट बॉक्स की खुन्नस और मीनाक्षी चौक पर आमना-सामना
मामला खालापार थाना क्षेत्र के मीनाक्षी चौक का है. जानकारी के मुताबिक, सपा छात्र सभा के महानगर अध्यक्ष नदीम मलिक और सपा कार्यकर्ता इसरार अलवी के बीच पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के खिलाफ तीखी टिप्पणियां की जा रही थीं. मंगलवार शाम जब दोनों मीनाक्षी चौक पर आमने-सामने आए तो डिजिटल प्लेटफॉर्म की तनातनी सड़क पर उतर आई. दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर देखते ही देखते बेल्ट और लात-घूंसे चलने लगे.
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
बीच सड़क पर हो रहे इस गदर को देखकर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. इसी बीच किसी राहगीर ने पूरी घटना अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी. वीडियो वायरल होते ही सपा नेताओं की इस गुटबाजी और अनुशासनहीनता की पूरे जिले में चर्चा होने लगी जिससे पार्टी की छवि पर भी सवाल उठने लगे हैं.
सार्वजनिक स्थान पर पार्टी कार्यकर्ताओं की इस हरकत से सपा के वरिष्ठ नेता भी असहज नजर आए. मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा जिलाध्यक्ष ने घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सड़क पर इस तरह मारपीट करना निंदनीय है. दोनों कार्यकर्ताओं को पार्टी की तरफ से नोटिस जारी कर जवाब तलब किया जाएगा.
पुलिस ने लिया एक्शन
घटना की सूचना मिलते ही खालापार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद को शांत कराया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सपा कार्यकर्ता इसरार अलवी को हिरासत में ले लिया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लेकर क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम की गई है. प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर अभियुक्त के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है.
ADVERTISEMENT











