मुजफ्फरनगर में पति की हत्या के लिए पत्नी ने बेचनी चाही जमीन, BF ने कतिलों को दी 3-3 लाख रुपये की सुपारी

संदीप सैनी

01 Oct 2026 (अपडेटेड: 01 Oct 2026, 01:15 PM)

Muzaffarnagar Crime News: मुजफ्फरनगर के रतनपुरी में किसान प्रवीण हत्याकांड का पुलिस ने 60 घंटे में किया खुलासा. शराब और प्रेम-प्रसंग के चलते पत्नी ने कराई पति की हत्या. 4 गिरफ्तार.

Muzaffarnagar Crime News

Muzaffarnagar Crime News

Google CTA

मुजफ्फरनगर में रतनपुरी थाना क्षेत्र के अंबरपुर में जंगल में 27 सितंबर को हुई 50-52 वर्षीय किसान प्रवीण उर्फ परविंदर की हत्या का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. जांच के दौरान जब पुलिस ने सबूत और कड़ियां जोड़ीं तो हत्या की सुई किसी बाहरी पर नहीं, बल्कि मृतक के अपने घर तक पहुंच गई. पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड के आरोप में मृतक की पत्नी रेखा, उसके प्रेमी विकास, राजा उर्फ काला और कल्याण सिंह को गिरफ्तार कर लिया है.

यह भी पढ़ें...

हत्या के लिए रेखा ने बेची जमीन

पुलिस पूछताछ और जांच में सामने आया कि मृतक प्रवीण की पत्नी रेखा और पारिवारिक परिचित विकास के बीच साल 2018-19 से अवैध संबंध थे. रेखा की प्रवीण से शादी 2006 में हुई थी. पूछताछ में रेखा ने स्वीकार किया कि उसका पति रोजाना शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था, जिससे तंग आकर और प्रेमी विकास के साथ रहने की चाहत में उसने पति को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया. इस खौफनाक साजिश को अंजाम देने के लिए रेखा ने अपनी जमीन ₹10 लाख में बेचने की योजना बनाई. इस साजिश में विकास ने अपने परिचित राजा उर्फ काला और कल्याण सिंह को भी शामिल किया. और उन्हें 3-3 लाख रुपये की सुपारी दी. बताया जा रहा है कि राजा का मृतक प्रवीण पर ₹1.5 लाख बकाया था, जिसे वापस न मिलने के कारण वह भी हत्या के लिए तैयार हो गया.

कैसे की गई हत्या?

27 सितंबर को साजिश के तहत अंबरपुर के जंगल में प्रवीण को बुलाया गया, जहां राजा और कल्याण सिंह ने उस पर दो गोलियां चला दीं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. पोस्टमॉर्टम में भी शरीर में दो गोलियां लगने की पुष्टि हुई थी. पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल दो तमंचे, कारतूस, एक स्विफ्ट कार, घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन और मृतक की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है. फिलहाल पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी रखी है.

ये भी पढ़ें: मुजफ्फरनगर में ग्राम प्रधान के इकलौते बेटे रोहन राठी की हत्या से मचा हड़कंप! अखिलेश यादव बोले- 'सिर्फ जांच का दिखावा न हो