Rinku Singh Father Last Rites: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद्र सिंह का अंतिम संस्कार शुक्रवार को अलीगढ़ में किया गया. खानचंद्र सिंह को मुखाग्नि रिंकू सिंह के बड़े भाई सोनू ने दिया जिसके बाद पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन हो गया. इस दौरान नम आंखों और भारी मन से पूरे परिवार ने उन्हें अंतिम विदाई दी. पिता की मौत से बुरी तरह टूट चुके रिंकू सिंह इस दौरान बेसुध नजर आए. रिंकू सिंह के पिता के निधन की खबर मिलते ही क्रिकेट से लेकर राजनीति जगत के दिग्गज उनके साथ नजर आ रहे हैं.
ADVERTISEMENT
बड़े भाई सोनू सिंह ने निभाई जिम्मेदारी
अलीगढ़ के नुमाइश मैदान स्थित श्मशान घाट पर खानचंद्र सिंह का अंतिम संस्कार किया गया. हालांकि रिंकू सिंह अपने पिता के बहुत करीब थे.लेकिन परंपरा का निर्वहन करते हुए उनके बड़े भाई सोनू सिंह ने पिता को मुखाग्नि दी. इस दौरान रिंकू सिंह अपने भाई के पास खड़े होकर फूट-फूटकर रोते नजर आए. अंतिम संस्कार के दौरान रिंकू सिंह की स्थिति देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति भावुक हो गया. पिता को मुखाग्नि दिए जाने के समय रिंकू सिंह अपने आंसू नहीं रोक पाए. उन्हें उनके दोस्तों और परिवार के सदस्यों ने संभाला.
भावुक कर देने वाला वो पल
जब पिता के पार्थिव शरीर को ले जाने के लिए गाड़ी आई, तो रिंकू सिंह पूरी तरह टूट गए. लड़खड़ाती आवाज में उन्होंने मानव उपकार की गाड़ी के ड्राइवर को बुलाया. यह वही संस्था है जो शवों को ले जाने और सेवा का कार्य करती है. रिंकू सिंह ने खुद अपने पिता की अंतिम यात्रा के लिए इंतजाम किए.
ADVERTISEMENT









