प्रदर्शन के दौरान इंस्पेक्टर ने निकाली थी पिस्टल, अब अलीगढ़ में सपा कार्यकर्ताओं की बढ़ीं मुश्किलें, दर्ज हुई FIR

यूपी तक

• 08:46 AM • 25 Jul 2026

अलीगढ़ में सपा प्रदर्शन के दौरान इंस्पेक्टर द्वारा पिस्टल निकालने के मामले में नया मोड़ आया है. पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज किया है. आरोप है कि उन्होंने पुलिस से धक्का-मुक्की की, सरकारी कार्य में बाधा डाली और इंस्पेक्टर की पिस्टल छीनने की कोशिश की. मामले की जांच जारी है.

Aligarh SP Protest News

Aligarh SP Protest News (Photo Enhanced By AI)

Google CTA

Aligarh SP Protest News: अलीगढ़ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित जिला मुख्यालय पर समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदर्शन के दौरान इंस्पेक्टर द्वारा पिस्टल निकालने के मामले में अब नया मोड़ आ गया है. पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की, धक्का-मुक्की की और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई. इसके साथ ही इंस्पेक्टर की पिस्टल छीनने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

यह भी पढ़ें...

जौहर विश्वविद्यालय के समर्थन में हो रहा था प्रदर्शन

जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला अलीगढ़ के थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित जिला मुख्यालय का है. पुलिस के अनुसार समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता जौहर विश्वविद्यालय के समर्थन में प्रदर्शन करने पहुंचे थे. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने का प्रयास किया. इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया. पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और सरकारी कार्य में बाधा डालने की कोशिश की. इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही.

पुलिस ने लगाए गंभीर आरोप

पुलिस की ओर से दर्ज मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शनकारियों ने इंस्पेक्टर और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की. इतना ही नहीं, इंस्पेक्टर की सरकारी पिस्टल छीनने का प्रयास भी किया गया. मामले में कुछ लोगों को नामजद किया गया है, जबकि कई अन्य अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है. पुलिस अब घटनास्थल के वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

वीडियो आने के बाद बढ़ा विवाद

घटना के दौरान इंस्पेक्टर सिविल लाइन द्वारा पिस्टल निकालने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया था. वीडियो वायरल होने के बाद इस घटना को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं. अब पुलिस की ओर से प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने के बाद मामला फिर सुर्खियों में है.

सीओ सिविल लाइन ने क्या कहा?

सीओ सिविल लाइन सर्वम सिंह ने कहा, 'सपा कार्यकर्ता जौहर विश्वविद्यालय के समर्थन में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर रहे थे. इसी दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने की कोशिश की. पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक और झड़प हो गई. प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली. इसी घटनाक्रम के दौरान इंस्पेक्टर द्वारा पिस्टल निकाले जाने का वीडियो भी सामने आया था.' फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.