अलीगढ़ के बादशाह अली ने कर ली थी दूसरी शादी, ‘आखिरी निशानी’ को बचाने के लिए बेटे रिहान ने पिता को जान से मार दिया

अकरम खान

• 05:00 PM • 19 Jul 2026

अलीगढ़ में पिता की दूसरी शादी और संपत्ति विवाद से नाराज होकर बेटे ने पिता की हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक बेटे ने दोस्त के साथ मिलकर पिता को मिलने के बहाने सुनसान जगह बुलाया और चाकुओं से हत्या कर दी. साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.

Aligarh Father Murder Case

Aligarh Father Murder Case (Photo Enhanced By AI)

Google CTA

Aligarh Father Murder Case: अलीगढ़ में रिश्तों को झकझोर देने वाला एक हत्याकांड सामने आया है. यहां एक बेटे ने अपने ही पिता की हत्या की साजिश रचकर उसका मर्डर कर दिया. पुलिस के मुताबिक पिता की दूसरी शादी और संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद से नाराज बेटे ने अपने दोस्त के साथ मिलकर पहले पिता को मिलने के बहाने बुलाया और फिर सुनसान जगह पर ले जाकर चाकुओं से कई बार हमला कर दिया. वहीं वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए, लेकिन जो सबूत मिले हैं उसके आधार पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. बता दें मामले में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है.

यह भी पढ़ें...

मुलाकात के बहाने बुलाया

यह मामला अलीगढ़ के क्वार्सी थाना क्षेत्र के नगला किला इलाके का है. पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बादशाह अली के रूप में हुई है. शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी बेटे रिहान ने अपने दोस्त समीर के साथ मिलकर हत्या की पूरी योजना बनाई थी. योजना के तहत बादशाह अली को मिलने के लिए बुलाया गया और फिर उन्हें सुनसान स्थान पर ले जाया गया. वहां दोनों आरोपियों ने चाकुओं से लगातार कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी.

जांच से पुलिस पहुंची आरोपियों तक

हत्या के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे. पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी सबूतों की मदद से जांच आगे बढ़ाई. इसी दौरान कई अहम सुराग मिले, जिनके आधार पर पुलिस ने रिहान और उसके दोस्त समीर को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में दोनों ने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद कर लिए हैं और फोरेंसिक जांच की प्रक्रिया भी जारी है.

संपत्ति विवाद बना हत्या की वजह

पूछताछ में आरोपी रिहान ने पुलिस को बताया कि उसके पिता बादशाह अली उसकी मां को परेशान करते थे. मां की मौत के बाद उन्होंने दूसरी शादी कर ली थी, जिसके बाद परिवार में तनाव लगातार बढ़ता गया. रिहान का आरोप है कि जिस मकान को वह अपनी मां की आखिरी निशानी मानता था, उसे उसके पिता अपनी दूसरी पत्नी के नाम करना चाहते थे. इसी बात को लेकर उसके मन में गुस्सा बढ़ता गया और उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर हत्या की साजिश तैयार कर ली.

पुलिस अधिकारी ने क्या बताया

डीएसपी सर्वम सिंह ने बताया, 'जांच के दौरान सामने आया कि मृतक के बेटे रिहान ने अपने दोस्त समीर के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी. दोनों ने बादशाह अली को मिलने के बहाने बुलाया और सुनसान जगह पर ले जाकर चाकुओं से हमला कर दिया. तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है.'

हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में दूसरी शादी और संपत्ति विवाद इस हत्याकांड की मुख्य वजह बनकर सामने आए हैं. हालांकि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वारदात के पीछे कोई और कारण तो नहीं था. पुलिस आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है और फोरेंसिक रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है, ताकि अदालत में मजबूत चार्जशीट दाखिल की जा सके. अधिकारियों का कहना है कि सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.