Varanasi Hotel Death Case: वाराणसी में देर रात होटल के कमरे से युवक और युवती के शव मिलने से हड़कंप मच गया. युवती का शव बाथरूम के फर्श पर पड़ा था, जबकि युवक पंखे से फंदे के सहारे लटका मिला. युवती के गले पर कटने का निशान भी था. बता दें यह घटना बड़ागांव थाना क्षेत्र में बाबतपुर एयरपोर्ट मार्ग स्थित केजे होटल की है. पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं. फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए. शुरुआती तौर पर युवती की हत्या के बाद युवक के आत्महत्या करने की आशंका है.
ADVERTISEMENT
रिश्तेदार बताकर होटल में बुक कराया था कमरा
जानकारी के मुताबिक बीएलडब्ल्यू पहाड़ी गेट का रहने वाला 20 साल का विकास केसरी, बड़ागांव बसनी की 23 साल की प्रिया केसरी के साथ होटल पहुंचा था. बताया गया कि विकास ने प्रिया को अपना रिश्तेदार बताकर कमरा बुक कराया था. प्रिया, विकास के सगे बड़े भाई की साली है. दोनों लंबे समय से रिलेशनशिप में थे. काफी देर तक कमरे से कोई गतिविधि नहीं हुई तो होटल कर्मचारियों को शक हुआ. उन्होंने बड़ागांव थाने को सूचना दी.
यह भी पढ़ें- कांग्रेस ने अखिलेश यादव से मांगीं ये 181 सीटें, सपा के 22 मौजूदा विधायकों वाली सीटें भी शामिल
मास्टर की से खुला कमरा तो सामने आया मंजर
सूचना पर पुलिस होटल पहुंची. पुलिस की मौजूदगी में मास्टर की से दरवाजा खोला गया तो प्रिया का शव बाथरूम के फर्श पर पड़ा मिला. उसके गले पर कटने का निशान था. वहीं, विकास का शव पंखे से लटका हुआ था. इसके बाद फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे और जांच शुरू की.
शादी कहीं और तय होने पर हुआ था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि प्रिया की शादी कहीं और तय हो गई थी. इसी बात को लेकर विकास और प्रिया के बीच बहस और विवाद हुआ था. आशंका है कि इसी विवाद के बाद होटल के कमरे में यह घटना हुई. पुलिस इस पहलू समेत सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है. फिलहाल युवती की हत्या के बाद युवक के आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, घटना की पूरी वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
यह भी पढ़ें- UPSC ने 13 रिक्तियों के लिए निकाली भर्ती, डेंटल सर्जन और साइंटिस्ट 'बी' समेंत इन पदों पर होगा चयन
थाना प्रभारी ने बताई जांच की स्थिति
बड़ागांव थाना प्रभारी पंकज पांडेय ने बताया 'दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों से भी संपर्क किया गया है.' उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में युवती की शादी कहीं तय होने की बात सामने आई है. इसी को लेकर दोनों के बीच काफी बहस और विवाद हुआ था. थाना प्रभारी के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है.
ADVERTISEMENT











