UPSC ने 13 रिक्तियों के लिए निकाली भर्ती, डेंटल सर्जन और साइंटिस्ट 'बी' समेंत इन पदों पर होगा चयन

अभय राठौर

16 Nov 2026 (अपडेटेड: 16 Nov 2026, 05:37 PM)

संघ लोक सेवा आयोग ने 13 पदों पर भर्ती निकाली है. आयोग ने विज्ञापन संख्या 13/2026 जारी करके ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं. इस भर्ती के जरिए  डेंटल सर्जन, आयुर्वेद फिजिशियन, होम्योपैथिक फिजिशियन और साइंटिस्ट 'बी' के पदों पर भर्ती होगी.

UPSC Recruitment 2026

UPSC Recruitment 2026

Google CTA

UPSC Recruitment 2026: संघ लोक सेवा आयोग ने डॉक्टर और साइंस के क्षेत्र में 13 पदों पर भर्ती निकाली है. आयोग ने विज्ञापन संख्या 13/2026 जारी करके ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं. इस भर्ती के जरिए  डेंटल सर्जन, आयुर्वेद फिजिशियन, होम्योपैथिक फिजिशियन और साइंटिस्ट 'बी' के पदों पर भर्ती होगी. आवेदन की प्रक्रिया 14 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है. इच्छुक उम्मीदवार 4 दिसंबर 2026  तक यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं. चयनित उम्मीदवारों को 7वें वेतन आयोग के पे मैट्रिक्स के लेवल-10 के तहत सैलरी मिलेगी. वहीं इस भर्ती के लिए उम्मीदवारों की अधिकतम आयु पदों के अनुसार तय की गई है. 

यह भी पढ़ें...

कब तक कर सकते हैं आवेदन?

UPSC की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 14 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है. आवेदन करने की आखिरी तारीख 4 दिसंबर 2026 शाम 6 बजे तक है.

किन पदों पर कितनी वैकेंसी?

UPSC इस भर्ती प्रक्रिया के तहत 13 पदों पर उम्मीदवारों का चयन करेगी. जानिए किस पद पर कितनी वैकेंसी 

 

पद का नाम पदों की संख्या
डेंटल सर्जन 5
आयुर्वेद फिजिशियन 2
होम्योपैथिक फिजिशियन 1
साइंटिस्ट 'बी' 5
कुल पद 13

 

डेंटल सर्जन के 5 पदों में से 3 अनारक्षित, 1 ईडब्ल्यूएस और 1 एससी वर्ग के लिए आरक्षित हैं. इनमें से 1 पद बेंचमार्क दिव्यांगता वाले उम्मीदवारों के लिए भी आरक्षित है. आयुर्वेद फिजिशियन के 2 पदों में से 1 अनारक्षित और 1 ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए है. वहीं, होम्योपैथिक फिजिशियन का 1 पद ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए रखा गया है. साइंटिस्ट 'बी' के 5 पदों में 2 अनारक्षित, 1 ईडब्ल्यूएस, 1 ओबीसी और 1 एससी वर्ग के लिए आरक्षित है.

क्या है इन पदों के लिए योग्यता?

डेंटल सर्जन: उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (BDS) की डिग्री होनी चाहिए. इसके साथ भारत के किसी राज्य डेंटल काउंसिल या ट्रिब्यूनल में रजिस्ट्रेशन होना जरूरी है. उम्मीदवार का कंपल्सरी रोटेटिंग इंटर्नशिप (CRI) पूरा होना भी जरूरी है. जिन उम्मीदवारों की इंटर्नशिप पूरी नहीं हुई है, वह भी चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं. लेकिन उन्हें नियुक्ति से पहले अपनी अनिवार्य रोटेटिंग इंटर्नशिप पूरी करनी होगी.

आयुर्वेद फिजिशियन: इस पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से आयुर्वेद की डिग्री होनी चाहिए. इसके साथ उम्मीदवार का केंद्रीय या राज्य भारतीय चिकित्सा रजिस्टर में नाम दर्ज होना जरूरी है.

होम्योपैथिक फिजिशियन: उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से होम्योपैथी की डिग्री होनी चाहिए. इसके अलावा केंद्रीय या राज्य होम्योपैथी रजिस्टर में रजिस्ट्रेशन होना जरूरी है.

साइंटिस्ट 'बी': इस पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से बॉटनी, हॉर्टिकल्चर या ऑर्गेनिक केमिस्ट्री में मास्टर डिग्री होनी चाहिए. इन 5 पदों में से बॉटनी के लिए 3, हॉर्टिकल्चर के लिए 1 और ऑर्गेनिक केमिस्ट्री के लिए 1 पद है. संबंधित विषय में पीएचडी करने वाले उम्मीदवारों को अतिरिक्त योग्यता के तौर पर प्राथमिकता मिल सकती है.

कितनी तय की गई है उम्र सीमा?

UPSC ने अलग-अलग पदों और वर्गों के अनुसार अधिकतम उम्र तय की है.

पद का नाम वर्ग के अनुसार अधिकतम आयु
डेंटल सर्जन सामान्य: 35 साल
ईडब्ल्यूएस: 35 साल
एससी: 40 साल
आयुर्वेद फिजिशियन सामान्य: 35 साल
ईडब्ल्यूएस: 35 साल
होम्योपैथिक फिजिशियन ईडब्ल्यूएस: 35 साल
साइंटिस्ट 'बी' सामान्य: 35 साल
ईडब्ल्यूएस: 35 साल
ओबीसी: 38 साल
एससी: 40 साल

बेंचमार्क दिव्यांगता (PwBD) वाले उम्मीदवारों को अधिकतम उम्र में 10 साल की छूट मिलेगी. इसके अलावा एससी/एसटी वर्ग को 5 साल और ओबीसी वर्ग को 3 साल की सामान्य उम्र छूट का प्रावधान है. नियमों के अनुसार अन्य पात्र श्रेणियों को भी छूट दी जाएगी.

कितनी मिलेगी सैलरी?

आयोग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक इन पदों पर चयनित होने वाले उम्मीदवारों को 7वें वेतन आयोग के पे मैट्रिक्स लेवल-10 के तहत तय वेतन दिया जाएगा. हालांकि आयुर्वेद फिजिशियन और होम्योपैथिक फिजिशियन के पदों पर चयनित होने वाले उम्मीदवारों को लेवल-10 के साथ नॉन प्रैक्टिसिंग अलाउंस (NPA) भी मिलेगा. 

चयन प्रक्रिया कैसे होगी?

UPSC इन पदों के लिए उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में करेगा. 
सबसे पहले ऑनलाइन आवेदन में दी गई जानकारी के आधार पर उम्मीदवारों की छंटनी की जाएगी. अगर आवेदन की संख्या ज्यादा होती है, तो आयोग उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट करने के लिए अतिरिक्त योग्यता, अधिक शैक्षणिक योग्यता या संबंधित क्षेत्र में ज्यादा अनुभव को आधार बना सकता है.

आयोग जरूरत पड़ने पर भर्ती परीक्षा भी आयोजित कर सकता है. इसके बाद शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा. भर्ती परीक्षा और इंटरव्यू दोनों होते हैं, तो उम्मीदवारों को दोनों चरणों में अपनी श्रेणी के अनुसार न्यूनतम अंक हासिल करने होंगे. इंटरव्यू कुल 100 अंकों का होगा. इसमें सामान्य वर्ग के लिए 50, ओबीसी के लिए 45 और एससी/एसटी व दिव्यांग वर्ग के लिए 40 अंक न्यूनतम तय किए गए हैं.

कहां मिलेगी पोस्टिंग और क्या काम?

डेंटल सर्जन: इस पद पर चयनित उम्मीदवारों की पोस्टिंग देश में कहीं भी हो सकती है. उन्हें सफदरजंग अस्पताल, डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल और आरएचटीसी नजफगढ़ में ओपीडी और भर्ती मरीजों की देखभाल करनी होगी. इसके अलावा केंद्र सरकार के कर्मचारियों, उनके परिवारों, पेंशनभोगियों और केंद्रीय स्वास्थ्य योजना के लाभार्थियों का इलाज करना होगा. 

आयुर्वेद फिजिशियन: इन पदों पर चयनित उम्मीदवारों की पोस्टिंग नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC), नई दिल्ली में होगी. उन्हें ओपीडी और आईपीडी में मरीजों की जांच और इलाज करना होगा. साथ ही आयुर्वेद यूनिट की जिम्मेदारी संभालनी होगी और एनडीएमसी, दिल्ली सरकार या केंद्र सरकार की ओर से आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में भी ड्यूटी करनी होगी.

होम्योपैथिक फिजिशियन: चयनित उम्मीदवारों को नई दिल्ली नगर परिषद में ही तैनात किया जाएगा. उन्हें ओपीडी और आईपीडी में मरीजों का इलाज करना होगा. इसके अलावा होम्योपैथी यूनिट का कामकाज संभालना और स्वास्थ्य शिविरों में शामिल होना होगा. इस पद पर निजी प्रैक्टिस की अनुमति नहीं होगी.

साइंटिस्ट 'बी': चयनित उम्मीदवारों की पोस्टिंग बॉटनिकल सर्वे ऑफ इंडिया, सीजीओ कॉम्प्लेक्स, साल्ट लेक सिटी, कोलकाता में होगी. उन्हें पौधों की पहचान, वनस्पतियों पर शोध, वैज्ञानिक रिपोर्ट तैयार करने और फील्ड विजिट का काम करना होगा. इसके अलावा साइंटिफिक असिस्टेंट और टेक्निकल असिस्टेंट के काम की निगरानी भी करनी होगी.

कितनी होगी आवेदन फीस?

इस भर्ती के लिए सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों को 25 रुपये आवेदन फीस देनी होगी. एससी, एसटी, बेंचमार्क दिव्यांगता वाले उम्मीदवारों और सभी वर्ग की महिला उम्मीदवारों को फीस से छूट दी गई है. आवेदन शुल्क का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, यूपीआई या इंटरनेट बैंकिंग के जरिए किया जा सकता है.

कैसे करें ऑनलाइन आवेदन?

  1. सबसे पहले संघ लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://upsconline.nic.in पर जाएं.   
  2. वेबसाइट पर दिए गए पोर्टल के माध्यम से अपना रजिस्ट्रेशन कर यूनिवर्सल रजिस्ट्रेशन नंबर (URN) प्राप्त करें.  
  3. इसके बाद कॉमन एप्लीकेशन फॉर्म (CAF) और पद से जुड़े विशिष्ट मॉड्यूल को भरें.   
  4. अपनी स्पष्ट लाइव फोटो, हस्ताक्षर और मांगे गए सभी आवश्यक दस्तावेज पीडीएफ फॉर्मेट में अपलोड करें.   
  5. सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस पुरुष उम्मीदवारों को 25 रुपये का आवेदन शुल्क ऑनलाइन माध्यम से जमा करना होगा.
  6. महिला, एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए आवेदन पूरी तरह निःशुल्क है.
  7. फॉर्म को पूरी तरह जांचने के बाद अंतिम रूप से सबमिट कर लें और भविष्य के उपयोग के लिए उसका प्रिंटआउट निकालकर अपने पास सुरक्षित रख लें.  

यह भी पढ़ें: गाजियाबाद PMLA कोर्ट ने सुनाया फैसला, डासना जेल भेजे गए आजम खान, 26 नवंबर को अगली सुनवाई