अक्सर वाहनों पर जाति, धर्म या पद का नाम लिखवाकर इसे स्टेटस सिंबल मानते हैं, लेकिन वाराणसी के एक युवक ने इससे भी दो कदम आगे निकलकर अपनी बुलेट पर नंबर की जगह 'UGC K बाप' लिखवा दिया. वाराणसी की कैंट पुलिस ने इस स्टाइलिश नंबर वाली मोटरसाइकिल को जब्त कर थाने पहुंचा दिया है.
ADVERTISEMENT
चेकिंग के दौरान पुलिस की पड़ी थी नजर
घटना वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र स्थित जिला मुख्यालय (विकास भवन) के बाहर की है. सोमवार को थाना प्रभारी शिवकांत मिश्रा अपनी टीम के साथ गश्त और वाहन चेकिंग अभियान पर थे. इसी दौरान विकास भवन की बाउंड्री से लगकर खड़ी एक बुलेट बाइक ने पुलिस का ध्यान खींचा. जब पास जाकर देखा गया तो उस पर कोई नंबर नहीं था, बल्कि बड़े-बड़े अक्षरों में 'UGC K बाप' लिखा हुआ था.
नगर निगम का कर्मचारी है बाइक मालिक
पुलिस ने जब वाहन के मालिक की पड़ताल की तो पता चला कि यह बाइक कृतिभान मणि त्रिपाठी की है. त्रिपाठी मूल रूप से चौबेपुर थाना क्षेत्र के उमरहा का निवासी है. जानकारी के अनुसार, कृतिभान वाराणसी नगर निगम में संविदा कर्मचारी के रूप में तैनात है. पुलिस ने तत्काल बाइक को कब्जे में लेकर उसे सीज कर दिया.
'नंबर प्लेट' पर पुलिस की सख्ती
वाराणसी पुलिस लगातार ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान चला रही है जिन पर नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ की गई है या स्टाइलिश तरीके से जाति-धर्म सूचक शब्द लिखे गए हैं. थाना प्रभारी शिवकांत मिश्रा ने बताया कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे भड़काऊ या नियम विरुद्ध शब्दों का प्रयोग करने वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT









