मनमोहन, विशेष यादव ने किया पिता-2 बच्चों का किडनैप, तीनों को कार में डाल बरेली की ओर जा रहे थे तभी मिली उन्हें कर्मों की सजा

UP News: यूपी के बरेली में बुरे कर्मों की सजा फौरन मिल गई है. यहां कुछ बदमाशों ने हरियाणा से पिता और उनके 2 बच्चों का किडनैप किया था. बदमाश दोनों बच्चों को गाड़ी में डालकर बरेली की तरफ जा रहे थे. तभी उन्हें कर्मों की सजा मिल गई.

UP News

कृष्ण गोपाल यादव

07 Apr 2026 (अपडेटेड: 07 Apr 2026, 09:09 AM)

follow google news

UP News: हरियाणा से 2 बच्चों और उनके पिता का अपहरण करके, उनको गाड़ी में डालकर अपहरणकर्ता मनमोहन, सिकंदर और विशेष बरेली की तरफ ले जा रहे थे. मगर इन किडनैपर्स को उनके किए की सजा जल्द ही मिलने वाली थी. बरेली में इन किडनैपर्स के साथ जो हुआ, उसने बता दिया कि बुरे कर्मों का फल कभी-कभी इसी जन्म में, यहां तक की कुछ ही देर में मिल जाता है. 

यह भी पढ़ें...

बता दें कि बरेली में इन किडनैपर्स की गाड़ी हादसे का शिकार हो गई. हादसा भी इतना भीषण था कि इनकी नई गाड़ी पूरी तरह से खत्म हो गई. इस हादसे में इन तीनों किडनैपर्स की भी मौके पर ही मौत हो गई. हैरानी की बात ये है कि जिन 2 बच्चों का ये तीनों अपहरण करके ले जा रहे थे, उन्हें कोई भी गंभीर चोट नहीं आई और उनकी जिंदगी बच गई. ये हादसा बरेली-रामपुर हाईवे पर हुआ. 

हरियाणा से किया था तीनों का अपहरण

मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम को मनोज और उनके 2 बच्चों का अपहरण किया गया था. जब काफी समय तक पति और बच्चे घर नहीं लौटे तो पत्नी पूजा को चिंता हुई. जब उनसे कोई संपर्क भी नहीं हुआ तो पत्नी ने हरियाणा पुलिस को मामले की सूचना दी.

इसी दौरान पत्नी के पास मनोज का फोन आया. दूसरी तरफ से अनजान शख्स ने पूजा से कहा कि उन्होंने उसके बच्चों और पति को पकड़ लिया है. अगर पुलिस को जानकारी दी जाएगी तो तीनों को मार दिया जाएगा. इस दौरान पूजा ने मिन्नत करके अपहरणकर्ता को मनाया और अपने पति और बच्चों से फोन पर बात भी की. मगर पूजा ने इस मामले की जानकारी भी पुलिस को दे दी. तभी से हरियाणा पुलिस मामले की जांच कर रही थी.

कार सवार बदमाशों ने किया था अपहरण

पुलिस जांच में सामने आया कि कार सवार बदमाशों ने अपने एक साथी के साथ मिलकर हरियाणा के गुरुग्राम से ऑटो चालक मनोज और उनके 2 बच्चों का अपहरण किया था. बच्चों की उम्र 6 साल और 2 साल थी. पुलिस मामले की जांच कर ही रही थी कि तभी रामपुर-बरेली हाईवे पर एक हादसा हुआ, जिसमें 3 लोगों की मौत हुई. जब यूपी पुलिस मौके पर पहुंची तो पूरा मामला साफ हो गया. गाड़ी के अंदर 2 बच्चे मिले, जिनकी पहचान उनकी मां पूजा ने की, 
 
दरअसल बच्चे हादसे के बाद गाड़ी में बेहोश हो गए थे. जैसे ही यूपी पुलिस ने दोनों को देखा, दोनों को बचाया गया. फिर हरियाणा पुलिस से संपर्क किया गया. हरियाणा पुलिस ने पूजा को बच्चों की फोटो दिखाई. पूजा ने अपने बच्चों को पहचान लिया. इस दौरान पुलिस ने सर्विलांस की मदद से मनोज को भी सुरक्षित बरामद कर लिया. बताया जा रहा है कि अपहरणकर्ताओं ने मनोज को किसी दूसरी लोकेशन में रख रखा था.

कौन-कौन थे मारे गए बदमाश?

इस पूरे मामले की जांच एसपी सिटी मानुष पारिक की बनाई टीम कर रही है. जिन बदमाशों की इस हादसे में मौत हुई है, उनमें से एक फरीदपुर के टांडा का रहने वाला मनमोहन है. दूसरे बदमाश की पहचान रामपुर निवासी विशेष यादव के तौर पर हुई है. मारे गए तीसरे बदमाश की पहचान पीलीभीत निवासी सिकंदर के तौर पर हुई है. पुलिस का कहना है कि इस हादसे में एक प्रिंस नाम का बदमाश ही जिंदा बचा है. ये सभी बदमाश मनोज से रंगदारी या फिरौती वसूल करने की योजना पर काम कर रहे थे. 

आपको बता दें कि बरेली के अपस्पताल में अपहरण किए गए दोनों बच्चों और उनके पिता मनोज को भर्ती करवाया गया है. हरियाणा पुलिस भी बरेली पहुंच चुकी है.