Sitapur Crime News: सीतापुर जिले में पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत आज कोतवाली नगर पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने चार शातिर अंतर्जनपदीय चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की कार, बैटरियां और नगदी बरामद की है.
ADVERTISEMENT
गिरफ्तार अभियुक्तों में मुस्तकीम, शहजाद, फैजल अब्बास और मोहम्मद शबी उर्फ हैदर शामिल हैं. ये सभी अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं और लंबे समय से वाहन व बैटरी चोरी की घटनाओं में सक्रिय थे.
पुलिस के अनुसार, अभियुक्तों के पास से एक चोरी की एस्टीम कार, 12 बैटरियां (बड़ी व छोटी), बैटरी का बुरादा, 20 हजार रुपये नकद, दो तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं. साथ ही वारदात में इस्तेमाल होने वाले औजार भी मिले हैं.
सुनसान जगहों पर वारदात को देते थे अंजाम
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सुनसान जगहों पर खड़ी गाड़ियों और ई-रिक्शा की रेकी कर उनकी बैटरियां चुरा लेते थे. चोरी की बैटरियों को बेचने के साथ-साथ उन्हें तोड़कर उसमें से धातु निकालकर अलग-अलग जगहों पर बेचते थे.
गैंग चोरी की गाड़ियों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उनका हुलिया बदल देता था और उसी वाहन का इस्तेमाल आगे की वारदातों में करता था. सीतापुर में भी इन्होंने एक ही रात में कई गाड़ियों की बैटरी चोरी की घटना को अंजाम दिया था.
विभिन्न जिलों में इनके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी अभियुक्तों का लंबा आपराधिक इतिहास है और विभिन्न जिलों में इनके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं. सभी आरोपियों को संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया गया है.
ADVERTISEMENT









