सीतापुर: यूपी के सीतापुर जिले के महमूदाबाद क्षेत्र के बघाइन गांव निवासी युवक रवि गोपाल की सऊदी अरब में हुई मौत के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है. बुधवार सुबह करीब 8 बजे उनका शव चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पहुंचा, जहां आवश्यक जांच प्रक्रिया पूरी करने के बाद प्रशासन ने शव परिजनों को सौंप दिया.
ADVERTISEMENT
इस दौरान महमूदाबाद के नायब तहसीलदार भी एयरपोर्ट पर मौजूद रहे और उन्होंने औपचारिकताएं पूरी कराईं. इसके बाद एम्बुलेंस के जरिए शव को उनके पैतृक गांव बघाइन लाया गया, जहां अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है. रवि गोपाल की मौत 10 मार्च को रियाद में हुए एक मिसाइल हमले में हुई थी, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है.
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में शोक व्यक्त करने पहुंच रहे हैं. इस बीच पूर्व कार्यवाहक मुख्यमंत्री डॉ. अम्मार रिज़वी भी गांव पहुंचे और उन्होंने परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की. प्रशासन द्वारा हर संभव सहायता का आश्वासन दिया गया है.
ADVERTISEMENT









