Sitapur Gas Agency Scam: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में गैस एजेंसी से जुड़ा एक बड़ा घोटाला सामने आया है, जिसने प्रशासनिक व्यवस्था को हिला कर रख दिया है. जांच के दौरान करीब 14 हजार गैस सिलेंडर और 8 हजार कनेक्शनों में भारी गड़बड़ी का खुलासा हुआ है. इस पूरे मामले में कालाबाजारी का संगठित सिंडिकेट चलने की आशंका जताई जा रही है. प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एजेंसी को सील कर दिया और संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है.
ADVERTISEMENT
जिला अधिकारी राजा गणपति आर के निर्देश पर कमलापुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया. जांच के दौरान यह भी सामने आया कि एजेंसी के रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में बड़ा अंतर है. करीब 200 सिलेंडरों का हिसाब पूरी तरह गायब पाया गया, जिससे घोटाले की गंभीरता और बढ़ गई है. इस कार्रवाई की अगुवाई सिधौली की एसडीएम राखी वर्मा ने की जिन्होंने पुलिस बल के साथ गैस एजेंसी पर अचानक छापा मारा. मौके पर पहुंची टीम को कई अनियमितताएं मिलीं, जिससे कालाबाजारी की पुष्टि हुई.
लंबे समय से लोग कर रहे थे शिकायत
एसडीएम ने तुरंत इसकी जानकारी जिला अधिकारी को दी जिसके बाद सख्त कदम उठाए गए. इस घोटाले का सबसे बड़ा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ा है. लंबे समय से लोग शिकायत कर रहे थे कि उन्हें समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा था. बावजूद इसके एजेंसी की लापरवाही जारी रही. अब जांच में यह स्पष्ट हो रहा है कि उपभोक्ताओं को होने वाली दिक्कतें कालाबाजारी के कारण थीं.
यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है.प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि जांच तेजी से आगे बढ़ेगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और प्रशासन की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी पहल के रूप में देखा जा रहा.
ADVERTISEMENT









