UPSSSC recruitment 2026: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अब मौका आ गया है. बता दें कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने कृषि विभाग में टेक्निकल असिस्टेंट ग्रुप-सी के हजारों पदों पर भर्ती के लिए मुख्य लिखित परीक्षा का विज्ञापन जारी कर दिया है. इस भर्ती प्रक्रिया के तहत योग्य उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन का मौका दिया जाएगा. इस भर्ती की खास बात यह है कि केवल वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने पहले PET-2025 में भाग लिया हो.
ADVERTISEMENT
2759 पदों पर होगी भर्ती
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने कृषि विभाग के अंतर्गत टेक्निकल असिस्टेंट ग्रुप-सी के कुल 2759 खाली पदों को भरने के लिए मुख्य परीक्षा से संबंधित अधिसूचना जारी की है. आयोग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इन पदों के लिए 22 मई से ऑनलाइन आवेदन और फीस जमा करने की प्रक्रिया शुरू होगी. इसके अलावा आवेदन करने की लास्ट डेट 11 जून तय की गई है. इसके अलावा अगर किसी अभ्यर्थी को आवेदन में कोई गलती सुधारनी हो या शुल्क से संबंधित समायोजन करना हो तो उसके लिए 18 जून तक का समय दिया गया है.
केवल PET-2025 में शामिल उम्मीदवार ही कर सकेंगे आवेदन
इस भर्ती प्रक्रिया में वही उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2025) में भाग लिया हो और जिन्हें आयोग द्वारा PET-2025 का स्कोर कार्ड जारी किया गया हो.
मुख्य परीक्षा के लिए उम्मीदवारों का चयन उनके PET-2025 के नार्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर किया जाएगा. यानी जिन अभ्यर्थियों का स्कोर मेरिट के अनुसार बेहतर होगा, उन्हें मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा. जिन उम्मीदवारों के वास्तविक या नार्मलाइज्ड स्कोर शून्य, उससे कम या निगेटिव होंगे, उन्हें इस प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा .
दो घंटे में हल करने होंगे 100 प्रश्न
मुख्य परीक्षा के पैटर्न की बात करें तो परीक्षा में कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिन्हें दो घंटे के भीतर हल करना होगा. सभी प्रश्न ऑब्जेक्टिव और मल्टीपल चॉइस होंगे. बता दें कि हर सही उत्तर के लिए एक नंबर दिया जाएगा, जबकि गलत उत्तर देने पर नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान भी रखा गया है. इसलिए उम्मीदवारों को सवालों का उत्तर देते समय सावधानी बरतनी होगी.
इन विषयों से पूछे जाएंगे प्रश्न
परीक्षा में कृषि और उससे जुड़े कई जरूरी विषयों से प्रश्न पूछे जाएंगे. इनमें मुख्य रूप से क्रॉप साइंस, बायो टेक्नोलॉजी, प्लांट ब्रीडिंग, क्रॉप फिजियोलॉजी, सॉइल एंड वाटर प्रिवेंशन, एग्रीकल्चरल एक्सपेंशन, एग्रीकल्चरल इकोनॉमिक्स और योजनाए, पशुपालन एवं डेरी साइंस जैसे विषय शामिल होंगे.
इसके अलावा कंप्यूटर और इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी से जुड़े बुनियादी प्रिंसिपल, इस क्षेत्र में हो रहे नए तकनीकी विकास और उत्तर प्रदेश राज्य से संबंधित सामान्य जानकारी पर भी प्रश्न पूछे जा सकते हैं.
यह शैक्षणिक योग्यता होना जरूरी
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से कृषि विषय में ग्रेजुएशन डिग्री होना जरूरी है. इसके साथ ही योग्यताओं में बीएससी (ऑनर्स) कृषि, बीएससी उद्यान, बीएससी (ऑनर्स) उद्यान, बीएससी फॉरेस्ट्री, बीएससी (ऑनर्स) फॉरेस्ट्री, बीटेक (कृषि अभियंत्रण) जैसी डिग्रियां शामिल हैं.
इसके अलावा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से बीएससी (गृह विज्ञान) या कम्युनिटी साइंस में चार साल की डिग्री रखने वाले उम्मीदवार भी आवेदन करने के पात्र माने जाएंगे.
उम्मीदवारों के लिए जरूरी सलाह
जो अभ्यर्थी इस भर्ती में शामिल होना चाहते हैं, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे आवेदन की लास्ट डेट से पहले सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखें और समय पर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें. साथ ही PET-2025 के स्कोर के आधार पर ही मुख्य परीक्षा के लिए चयन होगा, इसलिए उम्मीदवारों को अपनी मेरिट स्थिति पर भी ध्यान देना जरूरी है.
यह भी पढ़ें: 12वीं पास महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी! यूपी रोडवेज में 2584 पदों पर निकली भर्ती, घर के पास मिलेगी नौकरी
ADVERTISEMENT









