Sitapur Health Negligence: सीतापुर में स्वास्थ्य उपकेंद्र खुला लेकिन कर्मचारी नदारद, गंदगी का अंबार देख भड़के जिलाधिकारी; 3 एएनएम का वेतन काटने के आदेश

Sitapur News: सीतापुर के ऐलिया ब्लॉक स्थित कक्राही उपकेंद्र में डीएम के औचक निरीक्षण के दौरान कर्मचारी अनुपस्थित मिले और सफाई व्यवस्था भी बदहाल पाई गई. लापरवाही पर तीन एएनएम का 15 दिन का वेतन काटने और अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए.

Newzo

• 04:48 PM • 28 Mar 2026

follow google news

Sitapur News: सीतापुर जिले के विकास खण्ड ऐलिया स्थित उपकेन्द्र कक्राही का जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने मुख्य चिकित्साधिकारी के साथ औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उपकेन्द्र खुला मिला, लेकिन वहां कोई भी कर्मचारी उपस्थित नहीं था, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की लापरवाही उजागर हुई.

यह भी पढ़ें...

अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, ऐलिया डॉ. संजय गौड़ ने जानकारी दी कि उपकेन्द्र पर तैनात कर्मचारी बिना सूचना के अनुपस्थित हैं. साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि उपकेन्द्र पर 6 प्रसव कराए गए हैं. हालांकि, उपकेन्द्र की स्थिति देखकर जिलाधिकारी ने इस दावे पर संदेह जताया और इसे भ्रामक बताया.

निरीक्षण के दौरान उपकेन्द्र में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब पाई गई, जिससे वहां स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति सामने आई. अधीक्षक ने बताया कि उपकेन्द्र पर तीन एएनएम किरन देवी, संतोषी देवी और एकता राज तैनात हैं, लेकिन तीनों अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं कर रही हैं.

तीनों एएनएम का 15 दिनों का वेतन काटने के निर्देश

लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तीनों एएनएम का 15 दिनों का वेतन काटने के निर्देश दिए. साथ ही अधीक्षक, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ऐलिया और बीपीएम को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश भी दिए गए.

बीपीएम की कार्यशैली पर भी सवाल 

जिलाधिकारी ने अधीक्षक को निर्देशित किया कि यदि उपकेन्द्र पर प्रसव हुए हैं तो उसका प्रमाण प्रस्तुत करें, अन्यथा गलत सूचना देने पर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी. साथ ही बीपीएम की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई के संकेत दिए गए.

यह भी पढ़ें: Mathura Taxi Protest: मथुरा में टैक्सी चालकों का वन-टाइम टैक्स के खिलाफ विरोध, रोजी-रोटी संकट का आरोप; आंदोलन की दी चेतावनी