Sitapur latest news: सीतापुर में करीब 5 महीने बाद जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई. लेकिन इस अहम बैठक में सत्ता पक्ष के कई विधायक और मंत्री नदारद रहे. उनकी अनुपस्थिति ने राजनीतिक हलकों में चर्चाओं को तेज कर दिया है. बैठक की अध्यक्षता सांसद राकेश राठौड़ ने की. इस दौरान धौरहरा से सांसद आनंद भदौरिया, मोहनलालगंज से सांसद आर. के. चौधरी और मिश्रिख से सांसद अशोक रावत मौजूद रहे.
ADVERTISEMENT
विपक्ष के इन तीनों सांसदों की सक्रिय मौजूदगी बैठक में प्रमुख रूप से देखने को मिली. वहीं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों में लहरपुर विधायक अनिल कुमार वर्मा, महमूदाबाद विधायक आशा मौर्य, एमएलसी पवन सिंह और नगर पालिका प्रतिनिधि नरेंद्र अवस्थी शामिल हुए. हालांकि, कारगर राज्य मंत्री सुरेश राही और नगर विकास राज्य मंत्री राकेश राठौर गुरु सहित कई अन्य मंत्री बैठक में नहीं पहुंचे, जिससे सवाल उठने लगे हैं.
बैठक में जिला अधिकारी राजा गणपति समेत तमाम विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे. स्वास्थ्य विभाग, पीडब्ल्यूडी, बिजली विभाग, जिला पंचायत, निर्माण खंड और गन्ना विभाग के अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और विकास योजनाओं की समीक्षा की गई. दिशा समिति की यह बैठक विकास कार्यों की निगरानी और जनसमस्याओं के समाधान के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है. ऐसे में सत्ता पक्ष के कई प्रमुख नेताओं की अनुपस्थिति ने बैठक की गंभीरता और राजनीतिक संदेश दोनों को लेकर चर्चा को जन्म दिया है.
ADVERTISEMENT









