सहारनपुर में 15 साल की लव मैरेज का आखिर कयों हुआ खूनी अंत, अब चार मासूम बच्चों का क्या होगा?

यूपी तक

• 04:54 PM • 10 Jul 2026

Saharanpur Murder Case: सहारनपुर जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में पत्नी को मायके से वापस लाने पहुंचे पति ने गुस्से में चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी है. पुलिस ने आरोपी सन्नी सैनी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है.

Google CTA

Saharanpur Murder Case: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहाँ एक पति ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी को चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने अब गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है. इस खूनी खेल के बाद जहाँ एक पूरा हंसता-खेलता परिवार बिखर गया है. तो वहीं चार मासूम बच्चों के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है.

यह भी देखें...

चौदह साल पहले की थी लव मैरिज

पुलिस पूछताछ में आरोपी पति सन्नी सैनी ने बताया कि उसने करीब 14 से 15 साल पहले मीनू से प्रेम विवाह किया था. शादी के बाद दोनों के चार बच्चे भी हुए. शुरुआत में सब कुछ ठीक था, लेकिन समय के साथ दोनों के रिश्तों में खटास आने लगी और छोटी-छोटी बातों पर अक्सर विवाद होने लगा था. लगभग 20 दिन पहले मीनू किसी बात से नाराज होकर छुटमलपुर स्थित हरिजन कॉलोनी में अपने मायके चली गई थी. सन्नी उसे वापस अपने घर लाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मीनू ने हर बार साथ लौटने से साफ इनकार कर दिया था.

गुस्से में पहले ही खरीदा चाकू

पत्नी के बार-बार मना करने से सन्नी अंदर ही अंदर बेहद गुस्से और नाराजगी से भर गया था. इसी गुस्से में उसने वारदात से दो-तीन दिन पहले ही बाजार से एक चाकू खरीद लिया था. घटना वाले दिन यानी 8 जुलाई 2026 को भी वह अपनी पत्नी को समझाने और घर ले जाने के इरादे से उसके मायके पहुंचा था. वहाँ दोनों के बीच फिर से कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सन्नी ने अपना आपा खो दिया और पहले से खरीदे हुए चाकू से 32 साल की मीनू पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए. गंभीर चोटों की वजह से मीनू की मौके पर ही मौत हो गई और आरोपी वहाँ से भाग निकला.

रुड़की रोड से हुई आरोपी की गिरफ्तारी

घटना की सुबह करीब सवा पांच बजे मीनू के पिता बालकिशन ने थाना फतेहपुर में तहरीर देकर दामाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी. ग्रामीण पुलिस और थाना फतेहपुर की संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर आरोपी सन्नी सैनी को रुड़की रोड स्थित ओम सिटी कॉलोनी के गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया. हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद होने के बाद पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ा दी है. पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है.