सहारनपुर पुलिस कस्टडी में बहन को गोलियों से भूनने वाले आरोपी मोंटी राणा का खौफनाक कबूलनामा सामने आया

सहारनपुर में पुलिस कस्टडी में युवती राखी को गोलियों से भूना. सगे भाई मोंटी राणा ने वीडियो जारी कर कत्ल की जिम्मेदारी ली और गुस्से को वजह बताया.

यूपी तक

• 11:06 AM • 25 Mar 2026

follow google news

सहारनपुर के सीएचसी फतेहपुर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब पुलिस कस्टडी में मौजूद 25 वर्षीय राखी को बदमाशों ने गोलियों से छलनी कर दिया. राखी को पुलिस मेडिकल जांच के लिए अस्पताल लाई थी, तभी बाइक सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस मामले में अब आरोपी भाई मोंटी राणा का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उसने इस पूरी वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है.

यह भी पढ़ें...

भाई का कबूलनामा- 'मैं ही दोषी हूं'

आरोपी मोंटी राणा ने वीडियो जारी कर कहा, "भाई यह मेरी बहन थी. मैंने इसके गोली मारी. इसमें और कोई दोषी नहीं है. इसने शाम तक किसी की बात नहीं मानी. हमने भी समझाई, लेकिन मेरे पे गुस्सा बर्दाश्त नहीं हुआ. इसका जिम्मेदार मैं हूँ, इसमें परिवार, रिश्तेदार या किसी और का कोई दोष नहीं है." मोंटी ने वीडियो में साफ किया कि उसके माता-पिता और भाई ने उसे रोका था और उन्हें नहीं पता था कि वह ऐसा कुछ कदम उठाएगा.

क्या था पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, 25 साल की राखी कुछ दिन पहले एक लड़के के साथ घर से चली गई थी. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लड़की को बरामद किया था. नियमानुसार पुलिस उसे मेडिकल जांच के लिए सीएचसी फतेहपुर लेकर पहुँची थी. जैसे ही पुलिस की गाड़ी अस्पताल पहुँची, बाइक सवार भाई रवि और मोंटी ने हमला कर दिया. गोली लगने से घायल राखी का इलाज अस्पताल में जारी है.

सरेंडर करने की कही बात

वीडियो में आरोपी मोंटी राणा (निवासी गांव रामखेड़ी) ने यह भी कहा कि वह जल्द ही पुलिस के सामने सरेंडर कर देगा. उसने बार-बार दोहराया कि वह अपनी बहन के व्यवहार से आक्रोशित था और गुस्से में उसने यह आत्मघाती कदम उठाया. फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए फरार आरोपियों की तलाश और सरेंडर की दावों की जांच कर रही है.