Saharanpur News: जनपद के थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र में शुक्रवार को देहरादून-पंचकूला हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में हरियाणा के एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं. हरिद्वार जा रहे परिवार की फॉर्च्यूनर कार को पीछे से तेज रफ्तार वैगनआर कार ने टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि दो महिलाओं, एक मासूम बच्चे और एक बुजुर्ग समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
ADVERTISEMENT
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरियाणा के सोनीपत जनपद के बहादुरगढ़ निवासी चरण सिंह अपने परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर हरिद्वार जा रहे थे. जैसे ही उनकी फॉर्च्यूनर कार थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र में देहरादून-पंचकूला हाईवे पर पहुंची, पीछे से आ रही तेज रफ्तार वैगनआर कार ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.
स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी. सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चरण सिंह की पत्नी सुदेश, पुत्रवधू प्रीति, पोते शिवांश तथा एक बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया. वहीं प्रवीण, सहदेव और एक अन्य घायल का अस्पताल में गंभीर हालत में उपचार चल रहा है. हादसे की सूचना मिलते ही थाना रामपुर मनिहारान पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह मानी जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. हरिद्वार में दर्शन करने निकला परिवार कभी नहीं सोच सकता था कि उनकी यात्रा इतनी दर्दनाक साबित होगी. इस हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई करते हुए दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है.
ADVERTISEMENT










