1.25 लाख का इनामी बदमाश लालन सिंह का हुआ एनकाउंटर..., सहारनपुर में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया बिहार का कुख्यात अपराधी!

Lalan Singh Encounter: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पुलिस मुठभेड़ में ₹1.25 लाख का इनामी बदमाश लालन सिंह मारा गया. घायल होने के बाद अस्पताल में उसकी मौत हुई. उसका एक साथी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार अभियान चला रही है.

Saharanpur Lalan Singh Encounter News

Saharanpur Lalan Singh Encounter News

यूपी तक

• 09:38 AM • 22 Jun 2026

follow google news

Saharanpur Encounter News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में ₹1.25 लाख का इनामी कुख्यात अपराधी लालन सिंह उर्फ लल्लन मारा गया. पुलिस के मुताबिक, 21/22 जून 2026 की रात सरसावा-नकुड़ मार्ग पर एएसपी लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हुई. इस दौरान लालन सिंह गोली लगने से घायल हो गया. उसे पहले सीएचसी सरसावा ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल सहारनपुर रेफर किया गया. बाद में जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. हालांकि मुठभेड़ के दौरान उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार अभियान चला रही है.

यह भी पढ़ें...

बिहार का रहने वाला था कुख्यात अपराधी

पुलिस के अनुसार, लालन सिंह उर्फ लल्लन बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के आनंदगोलवा गांव का रहने वाला था. वह शिव शंकर सिंह का पुत्र था और लंबे समय से कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित चल रहा था. उसके खिलाफ अलग-अलग जिलों में दर्ज मामलों के चलते पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी.

लूट समेत कई मामलों में था वांछित

लालन सिंह पर 8 नवंबर 2022 को वाराणसी में एक उपनिरीक्षक को गोली मारकर उनकी सरकारी पिस्टल लूटने का आरोप था. इसके अलावा 1 नवंबर 2022 को चंदौली में हुई फायरिंग और लूट की घटना में भी वह वांछित था. पुलिस के अनुसार, उसने अपने भाइयों और गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर कई जघन्य वारदातों को अंजाम दिया था. उसके खिलाफ सात हत्याओं में संलिप्तता के आरोप थे, जिनमें दो उपनिरीक्षक, एक बैंक कैशियर और एक सुरक्षा गार्ड की हत्या भी शामिल है. इसके अलावा वह बैंक डकैती, कैश वैन लूट और सरकारी हथियारों की लूट जैसी संगीन घटनाओं में भी आरोपी रहा है.

फरार साथी की तलाश जारी

लालन सिंह की गिरफ्तारी पर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की ओर से ₹1 लाख और चंदौली पुलिस की ओर से ₹25 हजार का इनाम घोषित किया गया था. पुलिस का कहना है कि मुठभेड़ के दौरान उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. पूरे मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और पुलिस अन्य संबंधित पहलुओं की भी जांच कर रही है.