Saharanpur News: बिहार का कुख्यात इनामी बदमाश सहारनपुर में ढेर, 7 हत्याओं समेत कई संगीन मुकदमे

UP Police Encounter: सहारनपुर में सोमवार तड़के हुई पुलिस मुठभेड़ में बिहार का कुख्यात 1.25 लाख रुपये का इनामी बदमाश लल्लन सिंह मारा गया. उस पर हत्या, बैंक डकैती, लूट और पुलिसकर्मियों पर हमले समेत कई संगीन मुकदमे दर्ज थे. पुलिस अब उसके फरार साथी की तलाश में जुटी है.

बिहार का कुख्यात इनामी बदमाश सहारनपुर में ढेर, 7 हत्याओं समेत कई संगीन मुकदमे

बिहार का कुख्यात इनामी बदमाश सहारनपुर में ढेर 7 हत्याओं समेत कई संगीन मुकदमे

Newzo

• 10:29 AM • 22 Jun 2026

follow google news

UP Police Encounter: सहारनपुर बिहार का कुख्यात और 1.25 लाख रुपये का इनामी बदमाश लल्लन सिंह उर्फ ललन सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया. सोमवार तड़के सरसावा-नकुड़ मार्ग पर हुई इस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल लल्लन सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस उसके एक फरार साथी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है.

यह भी पढ़ें...

पुलिस के अनुसार, लल्लन सिंह बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के आनंदगोलवा गांव का रहने वाला था. वह लंबे समय से उत्तर प्रदेश और बिहार पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था. उसकी गिरफ्तारी पर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की ओर से एक लाख रुपये और चंदौली पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था. इस तरह उस पर कुल 1.25 लाख रुपये का इनाम था.

बताया गया है कि रविवार की रात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सरसावा-नकुड़ रोड पर चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान संदिग्ध बदमाशों से पुलिस का सामना हो गया. पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में लल्लन सिंह गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया.

घायल बदमाश को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरसावा ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, लल्लन सिंह बेहद खतरनाक अपराधी था और उसके खिलाफ हत्या, बैंक डकैती, कैश वैन लूट, हथियार लूट तथा पुलिसकर्मियों पर हमले समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज थे. उस पर सात लोगों की हत्या का आरोप था. मारे गए लोगों में दो दारोगा, एक बैंक कैशियर और एक निजी सुरक्षा गार्ड भी शामिल थे.

वर्ष 2022 में वाराणसी में एक उपनिरीक्षक को गोली मारकर उनकी सरकारी पिस्टल लूटने की सनसनीखेज घटना में भी वह वांछित था. इसके अलावा चंदौली में फायरिंग और लूट की वारदात में भी उसका नाम सामने आया था. पुलिस के मुताबिक वह अपने भाइयों और गैंग के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर कई बड़ी आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुका था.

सहारनपुर में हुई इस मुठभेड़ को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है. वहीं फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.