Saharanpur News: सहारनपुर के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत किशनपुरा में स्थित यूनिक ट्रेडिंग कंपनी की दो मंजिला इमारत में देर रात को अचानक भीषण आग लग गई. आग लगने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर एकत्र हो गई.
सूचना प्राप्त होते ही अग्निशमन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो फायर टेंडरों को तत्काल मौके पर रवाना किया. घटनास्थल पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने देखा कि गौरव पुत्र धर्मवीर सिंह की यूनिक ट्रेडिंग कंपनी के दोनों तल आग की चपेट में थे और आग तेजी से फैल रही थी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर कर्मियों ने बिना समय गंवाए तीन हॉज़ पाइप बिछाकर पंपिंग शुरू की और आग बुझाने का अभियान चलाया. भवन के ऊपरी हिस्से में लगी आग तक पहुंचने के लिए फायर कर्मियों ने एक्सटेंशन लैडर का इस्तेमाल किया और बाहर से ही ऊपरी मंजिल पर काबू पाने का प्रयास किया.
ADVERTISEMENT
इमारत के भीतर अत्यधिक धुआं भरा होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. इसके बावजूद फायर कर्मियों ने बीए (ब्रीदिंग अपरेटस) सेट पहनकर जोखिम उठाते हुए अंदर प्रवेश किया और लगातार प्रयास कर आग को नियंत्रित किया. आग की गंभीरता को देखते हुए फायर स्टेशन सरसावा से भी एक अतिरिक्त फायर टेंडर को मौके पर बुलाया गया. कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया.
इस अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे सभी ने राहत की सांस ली. फिलहाल आग को पूर्ण रूप से बुझा दिया गया है और क्षेत्र की स्थिति सामान्य है. आग लगने के कारणों तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है.
ADVERTISEMENT










