Saharanpur New: नगरायुक्त शिपू गिरि ने सीएम ग्रिड फेज-2 के तहत हकीकत नगर में चल रहे सड़क निर्माण, उन्नयन और सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए.
ADVERTISEMENT
निरीक्षण के दौरान नगरायुक्त ने निर्माण एजेंसियों को श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि परियोजना से जुड़े सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन किया जाए और कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना से संबंधित वेरिएशन एवं डेविएशन स्टेटमेंट शनिवार तक तैयार कर सक्षम अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाए. इसके लिए प्रोजेक्ट कंसल्टेंट की मौजूदगी में संयुक्त निरीक्षण कर प्रत्येक बिंदु का परीक्षण करने और उसी आधार पर अंतिम रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया.
नगरायुक्त ने जलकल विभाग से यह भी स्पष्टीकरण मांगा कि पहले अतिरिक्त सीवर कार्य की आवश्यकता से इनकार किए जाने के बावजूद अब अतिरिक्त सीवर कार्य की जरूरत किन परिस्थितियों में उत्पन्न हुई. उन्होंने इसके तकनीकी कारणों और अभिलेखीय तथ्यों के साथ विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए.
उन्होंने भविष्य में किसी भी परियोजना को अंतिम स्वीकृति से पहले त्रिस्तरीय निरीक्षण अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए, ताकि कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके.निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता निर्माण सुरेंद्र प्रसाद मिश्र, सहायक अभियंता मदनपाल, अवर अभियंता अनुज कुमार तथा कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे.
ADVERTISEMENT











