Saharanpur Fraud Case: थाना फतेहपुर पुलिस ने जमीन के फर्जी बैनामे के नाम पर 61.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने अपने ही परिचित को जमीन बेचने का झांसा देकर लाखों रुपये हड़प लिए थे. पुलिस ने उसे छुटमलपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है.
ADVERTISEMENT
पुलिस के अनुसार, चिलकाना निवासी सोहराब पुत्र मोहम्मद इकराम की शिकायत पर न्यायालय के आदेश के बाद थाना फतेहपुर में धोखाधड़ी, जालसाजी और कूटरचना की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मुजफ्फर हुसैन पुत्र शहजाद, निवासी नई बस्ती, छुटमलपुर ने ग्राम पैलो खुर्द स्थित भूमि का बैनामा कराने के नाम पर 61.50 लाख रुपये ले लिए.
आरोपी ने दावा किया था कि उक्त जमीन उसके नाम है और इसके लिए उसने फर्जी दस्तावेज तथा कूटरचित खतौनी दिखाकर सौदा तय कराया.इसके बाद पीड़ित ने आरटीजीएस के माध्यम से आरोपी के बताए खाते में पूरी राशि ट्रांसफर कर दी.
जांच में पुलिस ने पाया कि जमीन वास्तव में आरोपी के नाम नहीं थी. उसने खतौनी में हेरफेर कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और उसी के आधार पर सौदा किया. पैसे वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करता रहा.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है. मामले की आगे की जांच जारी है, साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने इस तरह की अन्य धोखाधड़ी तो नहीं की है.
ADVERTISEMENT










