दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर हुआ दर्दनाक हादसा कैमरे में कैद... रिवर्स लेते ही पीछे से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उड़ाया, एक ही परिवार के 4 लोगों की हुई मौत

Saharanpur road accident: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर दो दिन पहले हुए एक भीषण सड़क हादसे का सीसीटीवी वीडियो अब सामने आ गया है. इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे.

UP Tak

राहुल कुमार

• 05:07 PM • 28 Jun 2026

follow google news

Saharanpur road accident: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर दो दिन पहले हुए एक भीषण सड़क हादसे का सीसीटीवी वीडियो अब सामने आ गया है. इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक कार कट छूटने के बाद हाईवे पर वापस रिवर्स हो रही थी, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी.

यह भी पढ़ें...

कट छूटने के बाद हुआ खौफनाक हादसा

यह दर्दनाक हादसा रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के हलगोया कट के पास हुआ था. मृतक परिवार हरियाणा के बहादुरगढ़ का रहने वाला था और हरिद्वार में गंगा स्नान और दर्शन के लिए जा रहा था. वायरल वीडियो के अनुसार, परिवार की कार हलगोया कट पर मुड़ने के बजाय सीधे आगे निकल गई थी. इसके बाद चालक कट की ओर वापस जाने के लिए अपनी कार को हाईवे पर पीछे की तरफ रिवर्स कर रहा था.

स्कॉर्पियो ने पीछे से मारी टक्कर

कार जब पीछे की तरफ जा रही थी, तभी पीछे से एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसमें बहुत जोरदार टक्कर मार दी थी. टक्कर इतनी भयानक थी कि कार कई मीटर तक घिसटती चली गई थी और उसके परखच्चे उड़ गए थे. वहीं, टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो भी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई थी. हादसे के बाद मौके पर काफी अफरा-तफरी मच गई थी.

हादसे में मारे गए चार लोग

इस भीषण दुर्घटना में 40 साल के प्रवीन, उनकी 37 साल की पत्नी प्रीति, बुजुर्ग मां सुदेश और नौ साल के बच्चे शिवांश की मौके पर ही मौत हो गई थी. वहीं, परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे. स्थानीय लोगों और वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने तुरंत मदद की और घायलों को बाहर निकाला था. इसके बाद पुलिस और एंबुलेंस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया था.

सीसीटीवी वीडियो के आधार पर जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान और एसएसपी अभिनंदन ने जिला अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल लिया था और डॉक्टरों को अच्छे इलाज का निर्देश दिए थे. पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था. पुलिस का कहना है कि अब सामने आए सीसीटीवी वीडियो को अहम सबूत मानकर हादसे के असल कारणों की गहनता से जांच की जा रही है.