Raebareli Road Accident: रायबरेली में तेज रफ्तार कार का कहर, तीन बाइकों को मारी टक्कर, एक की मौत

Raebareli news: रायबरेली के नवाबगंज में रफ्तार का कहर उस वक्त मौत बनकर टूटा, जब एक बेकाबू कार ने नेशनल हाईवे पर तीन बाइकों को रौंद दिया. हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है. घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया.

Raebareli Car Accident

Newzo

• 01:30 PM • 02 Jun 2026

follow google news

 

यह भी पढ़ें...

रायबरेली: रफ्तार का जूनून एक बार फिर मासूम जिंदगियों पर भारी पड़ गया. लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज की सुबह उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक बेकाबू, मानो 'यमदूत' बनी तेज रफ्तार कार ने एक के बाद एक तीन बाइकों को बेरहमी से रौंद डाला. टक्कर इतनी खौफनाक थी कि बाइक सवार हवा में उछलकर दूर जा गिरे. इस भीषण हादसे में एक अधेड़ की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है. पुलिस ने आरोपी कार चालक को दबोच लिया है.

भंडारे की खुशियां मातम में बदलीं

मिली जानकारी के मुताबिक, जगतपुर थाना क्षेत्र के तुला का पुरवा निवासी दिनेश कुमार (29) पुत्र छेदीलाल सुबह-सुबह खुशी-खुशी नवाबगंज बाजार से भंडारे का सामान खरीदकर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे. उन्हें क्या पता था कि काल उनका रास्ता रोके खड़ा है. जैसे ही वह नवाबगंज मेला के पास पहुंचे, तभी लखनऊ की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक,टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि लगा जैसे कोई बम फटा हो. कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि दिनेश को रौंदने के बाद भी वह नहीं रुकी और दो अन्य बाइकों को भी अपनी चपेट में ले लिया. सड़क पर चारों तरफ खून ही खून बिखरा था.

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने हाथ खड़े किए

हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी और जाम की स्थिति बन गई. स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े. कार की चपेट में आए रामजीपुरम निवासी विचित्र कुमार (60) पुत्र कृष्ण कुमार और दिनेश कुमार लहुलुहान हालत में तड़प रहे थे. आनन-फानन में दोनों को जगतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने विचित्र कुमार को देखते ही मृत घोषित कर दिया. वहीं, दिनेश की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है. जैसे ही विचित्र कुमार की मौत की खबर उनके घर पहुंची, मानो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. रोते-बिलखते परिजन जब अस्पताल पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं. चीख-पुकार से पूरा अस्पताल परिसर दहल उठा.

इस हादसे के बाद स्थानीय निवासियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. ग्रामीणों ने हाईवे पर हंगामा करते हुए आरोप लगाया कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर कोई अंकुश नहीं है.आए दिन हो रहे हादसे मासूमों की बलि ले रहे हैं, लेकिन प्रशासन कुंभकर्णी नींद सोया हुआ है. ग्रामीणों ने मांग की है कि यहां तुरंत स्पीड ब्रेकर या चेकिंग पॉइंट बनाए जाएं.

जगतपुर थाना प्रभारी पंकज त्यागी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू कराया. कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.