UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शिरकत की. मुख्यमंत्री ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें एक लोकप्रिय राजनेता, कुशल प्रशासक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के रूप में याद किया. सीएम ने उन्हें एक ऐसा राजनेता बताया जिन्होंने सामाजिक जन-जागरूकता और राष्ट्रीय चेतना को प्रखर रूप से बढ़ाने के निरंतर प्रयास किए.
ADVERTISEMENT
मुख्यमंत्री ने उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 'बहुगुणा जी का जन्म तत्कालीन उत्तर प्रदेश (वर्तमान उत्तराखंड) के पौड़ी जनपद के एक छोटे से गांव में हुआ था. गांव से प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए प्रयागराज को चुना. प्रयागराज में पढ़ाई के दौरान ही वह छात्रनेता के रूप में देश के स्वाधीनता आंदोलन से जुड़ गए. 1942 में एक छात्रनेता के रूप में उनकी गिरफ्तारी भी हुई थी.'
प्रयागराज को दी नई पहचान
सीएम योगी ने कहा कि स्वतंत्र भारत में जनप्रतिनिधि, प्रदेश सरकार के मंत्री, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के रूप में हेमवती नंदन बहुगुणा ने समाज के प्रत्येक तबके, देश की समृद्धि और आमजन के कल्याण के लिए अनेक कार्य किए. उन्होंने विशेष रूप से प्रयागराज को एक नई पहचान दी और उत्तर प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।
श्रद्धांजलि सभा में ये दिग्गज भी रहे मौजूद
इस श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश के कई अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए. उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, विधायक जय देवी, विधान परिषद सदस्य रामचंद्र प्रधान, डॉ. अम्मार रिजवी, पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी और पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया ने भी स्वर्गीय बहुगुणा को श्रद्धासुमन अर्पित किए.
ये भी पढ़ें: यूपी में अब पत्रकारों, शिक्षकों, वकीलों को फ्लैट देने की तैयारी, सरकारी योजना का हुआ ऐलान!
ADVERTISEMENT









