Chandauli News: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने सोमवार को चंदौली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. महाराज भगवान दक्ष प्रजापति जयंती के अवसर पर पॉलिटेक्निक ग्राउंड में आयोजित भागीदारी पार्टी के सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राजभर ने समाजवादी पार्टी, 2027 विधानसभा चुनाव, छात्र आंदोलन और अन्य राजनीतिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी.
ADVERTISEMENT
राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि दलित और अति पिछड़ा समाज अब सपा की राजनीति को अच्छी तरह समझ चुका है. उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव तक समाजवादी पार्टी के साथ ऐसा कोई बड़ा सहयोगी नहीं बचेगा, जो उसे चुनावी लाभ दिला सके.
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और समाजवादी पार्टी के संभावित गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी कभी भी ओवैसी को मुसलमानों का सर्वमान्य नेता स्वीकार नहीं करेगी.
सपा सांसद आनंद भदौरिया द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने तथाकथित "नोएडा मिथक" को तोड़ते हुए दोबारा सरकार बनाई है. उन्होंने कहा कि डर अगर किसी को है तो वह अखिलेश यादव को है.
जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन पर प्रतिक्रिया देते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आंदोलन की शुरुआत छात्रों की मांगों को लेकर हुई थी, लेकिन बाद में कुछ राजनीतिक दलों की आड़ में शरारती तत्व उसमें शामिल हो गए. उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों पर प्रधानमंत्री ने सकारात्मक निर्णय लिया है, जबकि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ पुलिस विधि सम्मत कार्रवाई करेगी.
राहुल गांधी के हालिया बयान पर पूछे गए सवाल के जवाब में राजभर ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का दायित्व है और पुलिस निष्पक्ष तरीके से अपना काम कर रही है तथा आगे भी करती रहेगी.
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे. सम्मेलन के दौरान सामाजिक भागीदारी बढ़ाने, संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई.
ADVERTISEMENT











