UP Board Exam Form: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने शैक्षिक सत्र 2026-2027 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं. यूपी बोर्ड ने 10वीं और 12वीं के प्राइवेट छात्रों के लिए 2027 में होने वाली बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने के लिए जरूरी तारीखों का ऐलान कर दिया है. यूपी बोर्ड के प्राइवेट छात्र इन तय की गई तारीखों के अंदर परीक्षा फॉर्म और फीस जमा कर सकते हैं. यह छात्र निर्धारित किए गए फॉरवर्डिंग सेंटर्स के जरिए अपना परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं. परीक्षा फीस के साथ फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 5 अगस्त 2026 तय की गई है. अगर कोई छात्र तय समय पर फॉर्म नहीं भर पाता है, तो वह 100 रुपये लेट फीस के साथ 16 अगस्त तक फॉर्म भर सकता है.
ADVERTISEMENT
फॉर्म भरने की जरूरी तारीखें
आवेदन फॉर्म और परीक्षा की फीस जमा करने की अंतिम तारीख 5 अगस्त 2026 है. इसके बाद 10 अगस्त तक ट्रेजरी में फीस जमा करनी होगी. फीस और शैक्षणिक योग्यता की जानकारी अपलोड करने की आखिरी तारीख 16 अगस्त 2026 है. जो छात्र डेडलाइन मिस करते हैं वो 100 रुपये की लेट फीस देकर 16 अगस्त तक फॉर्म भर सकते हैं. हालांकि लेट फीस जमा करने वाले छात्रों की जानकारी 20 अगस्त 2026 तक अपलोड की जाएगी.
फॉर्म में सुधार का समय
छात्र 21 अगस्त से 31 अगस्त 2026 के बीच जानकारी को वेरिफाई कर सकते हैं. अगर फॉर्म भरते समय छात्र से कोई गलती हो जाती है, तो वो उसे 1 सितंबर से 10 सितंबर 2026 के बीच सुधार सकते हैं. इसके साथ ही 30 सितंबर 2026 की तारीख को फोटो लिस्ट और फंड लेटर जमा करना होगा.
प्राइवेट छात्रों के लिए परीक्षा फीस
बोर्ड ने 10वीं और 12वीं कक्षा के प्राइवेट छात्रों के लिए अलग-अलग परीक्षा फीस निर्धारित की है, जो इस प्रकार है:
10वीं कक्षा: प्राइवेट छात्रों के लिए परीक्षा फीस 706.50 रुपये तय की गई है. क्रेडिट सिस्टम के तहत आवेदन करने वालों को 306.50 रुपये देने होंगे. अगर कोई छात्र अतिरिक्त विषय चुनता है, तो उसे हर विषय के लिए 206.50 रुपये अलग से देने होंगे.
12वीं कक्षा: प्राइवेट छात्रों और कृषि या वोकेशनल विषय में फेल होने वाले छात्रों के लिए फीस 806.50 रुपये तय की गई है. 12वीं में अतिरिक्त विषय लेने पर भी प्रति विषय 206.50 रुपये ही लगेंगे.
परीक्षा के लिए कैसे करें आवेदन
अगर आप प्राइवेट छात्र के तौर पर परीक्षा देना चाहते हैं, तो नीचे दिए गए आसान चरणों का पालन करके अपना फॉर्म भर सकते हैं.
- सबसे पहले यूपी बोर्ड (UPMSP) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं.
- वहां से प्राइवेट छात्रों के लिए दिया गया आवेदन फॉर्म डाउनलोड करें और उसका प्रिंट निकालें.
- आवेदन पत्र में मांगी गई सभी जरूरी जानकारी को बिल्कुल सही-सही भरें.
- अपनी पिछली पढ़ाई के सर्टिफिकेट और अन्य जरूरी दस्तावेजों की फोटोकॉपी फॉर्म के साथ लगाएं.
- पूरा भरा हुआ फॉर्म और परीक्षा की फीस अपने निर्धारित फॉरवर्डिंग केंद्र पर जाकर जमा कर दें.
- फॉर्म जमा करने के बाद उसकी रसीद और दस्तावेज अपने पास सुरक्षित रख लें ताकि भविष्य में कोई परेशानी न हो.
(अधिक जानकारी और किसी भी तरह के अपडेट के लिए छात्रों को समय-समय पर बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट देखने की सलाह दी जाती है.)
ADVERTISEMENT











