कौन हैं स्वाती अघोरी जिनका नाम सुनते ही शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने कह दी ये बात

आशुतोष महाराज पर हमले के मामले में 'स्वाति अघोरी' नाम की महिला की एंट्री ने सनसनी फैला दी है. शंकराचार्य ने स्वाति की फोटो देखकर क्या कहा? मुकुंदानंद महाराज पर लगे 'गर्लफ्रेंड' वाले आरोपों का क्या है सच?

आशुतोष महाराज ने दावा किया है कि उन पर हमला करने वाले व्यक्ति को डॉ. स्वाति अघोरी नाम की एक महिला ने भेजा था. इतना ही नहीं उन्होंने मुकुंदानंद महाराज पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. इन आरोपों के बीच जब शंकराचार्य के सामने स्वाति अघोरी की फोटो लाई गई तो उन्होंने साफ तौर पर उन्हें पहचानने से इनकार कर दिया. शंकराचार्य ने आशुतोष महाराज की कहानियों की तुलना वेद प्रकाश शर्मा के उपन्यासों से करते हुए इसे पूरी तरह काल्पनिक करार दिया है.

यह भी पढ़ें...

कौन है स्वाति अघोरी?

सोशल मीडिया पर 'अघोरी साधक स्वाति अघोरी' के नाम से एक प्रोफाइल वायरल हो रही है. प्रोफाइल के अनुसार, वे खुद को गंगोत्री की रहने वाली, काल भैरव युवा वाहिनी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और वेद-पुराणों की वक्ता बताती हैं. उन्होंने कथित तौर पर एक पोस्ट में हमले की 'अप्रत्यक्ष जिम्मेदारी' लेने का संकेत दिया है. हालांकि  शंकराचार्य ने स्पष्ट किया कि वे न तो इस नाम की किसी महिला को जानते हैं और न ही कभी उनका चेहरा देखा है.

मुकुंदानंद महाराज पर लगाए गए आरोप

आशुतोष महाराज ने दावा किया कि स्वाति अघोरी मुकुंदानंद महाराज की 'गर्लफ्रेंड' हैं.इस पर शंकराचार्य ने कड़ा एतराज जताते हुए कहा कि मुकुंदानंद बचपन से ही गुरुकुल में रहे हैं और उनकी विरक्ति को देखकर ही उन्हें दीक्षा दी गई थी. मुकुंदानंद महाराज ने भी इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि आशुतोष महाराज जैसे 'हिस्ट्रीशीटर' की प्रकृति ही झूठ बोलने और मिथ्या आरोप लगाने की है.

हमले की थ्योरी पर सवाल

शंकराचार्य ने हमले की सच्चाई पर भी कई सवाल खड़े किए. आशुतोष ने धारदार हथियार से हमले की बात कही थी.लेकिन मेडिकल रिपोर्ट में इसकी पुष्टि नहीं हुई. चोटें ऐसी हैं जो गिरने या छिलने से भी आ सकती हैं. शंकराचार्य ने सवाल उठाया कि अगर कोई जान लेने आया था, तो उसने ट्रेन के बाथरूम का दरवाजा क्यों नहीं तोड़ा? क्या एक हमलावर दरवाजा नहीं तोड़ सकता था? उन्होंने अंदेशा जताया कि यह सब कुछ सरकारी सुरक्षा पाने या खुद को चर्चा में रखने के लिए रचा गया एक स्वांग हो सकता है.

भाग जाने के दावों पर पलटवार

आशुतोष महाराज के इस आरोप पर कि शंकराचार्य लखनऊ से फ्लाइट पकड़कर भाग जाएंगे, उन्होंने कहा कि उनका भागने का कोई इतिहास नहीं रहा है. उन्होंने उल्टा अंदेशा जताया कि कहीं आशुतोष महाराज उन्हें गायब करने की कोई योजना तो नहीं बना रहे और उसकी भूमिका अभी से तो नहीं तैयार कर रहे.