Shahjahanpur Crime: शाहजहांपुर के खुदागंज थाना क्षेत्र के सूधा गांव में गुरुवार सुबह मंदिर परिसर के पास दो साधुओं के अधजले शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. दोनों साधु मंदिर की देखभाल करते थे और उनकी बड़ी बेरहमी से हत्या करने के बाद शवों को जलाने की कोशिश की गई थी. मृतकों की पहचान बाबा गोपाल दास और बाबा बिहारी दास के रूप में हुई है, जिनकी उम्र करीब 60 से 70 साल थी. घटना की जानकारी मिलते ही गांव वालों की भारी भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है, जो मंदिर पर कब्जा करना चाहता था.
ADVERTISEMENT
मंदिर में मिले साधुओं के अधजले शव
गुरुवार सुबह करीब 7 बजे जब गांव के लोग मंदिर पहुंचे, तो वहां का खौफनाक मंजर देखकर उनके होश उड़ गए. मंदिर परिसर के पास दोनों साधुओं के अधजले शव पड़े हुए थे. यह खबर गांव में आग की तरह फैल गई और मौके पर ग्रामीणों का भारी हुजूम लग गया, जिससे गांव में तनाव का माहौल पैदा हो गया. सूचना मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाना शुरू किया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के सही समय और कारण का पता चल सके.
कब्जे की नीयत से हत्या का शक
पुलिस की प्रारंभिक जांच और ग्रामीणों से पूछताछ में सुमित नाम के एक युवक का नाम सामने आया. मंदिर के संरक्षक शिव कुमार ने पुलिस को लिखित तहरीर दी कि सुमित, जो कुछ दिन पहले ही जेल से जमानत पर छूटा है, पिछले कुछ दिनों से साधुओं के पास उठने-बैठने लगा था. उसने साधुओं को धमकाते हुए कहा था कि वे यहां से हट जाएं क्योंकि अब वह वहां रहेगा और उसका ही एकाधिकार होगा. प्रथम दृष्टया ऐसा माना जा रहा है कि मंदिर पर कब्जे की इसी नीयत से बुधवार देर रात इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया.
पुलिस ने आरोपी सुमित को लिया हिरासत में
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुमित को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है. तहरीर के आधार पर सुमित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. पुलिस के मुताबिक, सुमित मानसिक रूप से भी कुछ परेशान बताया जा रहा है. फिलहाल पुलिस हर एंगल से इस डबल मर्डर केस की गहराई से जांच कर रही है. इस घटना ने इलाके की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और हिंदूवादी संगठनों में भी भारी नाराजगी देखने को मिल रही है.
ADVERTISEMENT










