होली के अगले दिन जब पुलिस विभाग अपनी होली' मना रहा था तब बंडा थाने में तैनात दरोगा योगेश शर्मा ने कानून की जमकर धज्जियां उड़ाईं. जाम छलकाने के बाद नशे की हालत में दरोगा जी स्टीयरिंग पर बैठे और सड़क पर कार दौड़ा दी. इस दौरान उन्होंने दो मासूम बच्चियों के साथ जा रहे एक पिता की गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी और कई अन्य लोगों को भी अपनी चपेट में ले लिया.
ADVERTISEMENT
ड्राइविंग सीट पर ही लुढ़क गए दरोगा जी
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दरोगा योगेश शर्मा नशे में इस कदर चूर थे कि वह ड्राइविंग सीट पर ही लुढ़के जा रहे थे. होश न होने के कारण उन्होंने कार से नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों और राहगीरों को टक्कर मारनी शुरू कर दी. गनीमत रही कि बाइक पर सवार पिता और उनकी दो छोटी बेटियां, पारुल और सलोनी, इस हादसे में बाल-बाल बच गए. हालांकि उन्हें चोटें आई हैं.
भीड़ ने घेरा तो निकल गई 'खाकी' की हनक
एक्सीडेंट के बाद जब गुस्साए स्थानीय लोगों ने दरोगा को घेरा तो पहले उन्होंने वर्दी की हनक दिखाने की कोशिश की. लेकिन जब भीड़ का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंचा तो दरोगा जी हाथ जोड़कर माफी मांगने लगे. भीड़ के सवालों पर वह यह तक नहीं बता पा रहे थे कि वह किस पोस्ट पर तैनात हैं.
अर्धनग्न हालत में बचाने पहुंचे साथी पुलिसकर्मी
हंगामे की सूचना मिलते ही दरोगा के साथी पुलिसकर्मी जो खुद भी होली के जश्न में डूबे थे मौके पर पहुंचे. चौंकाने वाली बात यह है कि कुछ पुलिस वाले अर्धनग्न हालत में ही वहां पहुंच गए और अपने साथी दरोगा को भीड़ के बीच से निकालकर फरार हो गए.
पुलिस प्रशासन का रुख
इस पूरे मामले पर पुलिस के आला अधिकारी फिलहाल कुछ भी बोलने से बच रहे हैं. आधिकारिक बयान में सिर्फ इतना कहा गया है कि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है. तहरीर मिलने के बाद ही मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT









