अचलगंज थाना क्षेत्र के हड़हा गांव में होली के दिन उस वक्त बवाल हो गया जब नशे में धुत कुछ युवकों के झगड़े को शांत कराने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. पथराव इतना जबरदस्त था कि डायल 112 का पिछला शीशा चकनाचूर हो गया और पुलिस का चालक घायल हो गया. इसके बाद पुलिस ने जो एक्शन लिया उसकी तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि गांव में अंकित नाम का एक युवक शराब के नशे में धुत होकर लोगों के साथ गाली-गलौज और हंगामा कर रहा है. जब अचलगंज थाने की पुलिस उसे समझाने और शांत कराने पहुंची तो अंकित पुलिस से ही उलझ गया. पुलिस जब आरोपी युवक को हिरासत में लेकर गाड़ी में बिठाने की कोशिश कर रही थी. तभी गांव की महिलाएं और अन्य ग्रामीण उग्र हो गए. देखते ही देखते भीड़ ने पुलिस पर ईंट के टुकड़े और पत्थर बरसाने शुरू कर दिए. एक बड़ा पत्थर सीधे पुलिस की जीप के पिछले शीशे पर लगा जिससे वह टूट गया और ड्राइवर को चोटें आईं.
पुलिस का 'लाठीचार्ज' एक्शन
हमले से बेकदम होने के बजाय पुलिस ने मोर्चा संभाला. पथराव और हमले के बाद पुलिस की टीम ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज कर दिया।. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे पुलिस डंडे लेकर भीड़ को खदेड़ रही है ताकि स्थिति को नियंत्रण में लिया जा सके.
भारी पुलिस बल तैनात, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए गांव में भारी पुलिस फोर्स और पीएसी (PAC) को तैनात कर दिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौके पर मौजूद अधिकांश लोग शराब के नशे में धुत थे. फिलहाल स्थिति सामान्य है.लेकिन पुलिस की टीम पर हमला करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.
ADVERTISEMENT









