होली के दिन चिकन पार्टी के बीच सुहैल, अनस, शौकीन ने मिलकर अमृत शर्मा को घोंप दिया चाकू? सामने आई पूरी कहानी

मनुदेव उपाध्याय

• 05:14 PM • 05 Mar 2026

Baghpat chicken dispute: बागपत के तितरौदा गांव में होली के दिन चिकन विवाद में अमृत शर्मा नामक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या. हमलावरों ने दिल और पेट पर किए 5 वार. पुलिस ने सुहैल, अनस और अन्य के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा. गांव में भारी तनाव के बाद पुलिस फोर्स तैनात.

Google CTA

Baghpat chicken dispute: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में होली के जश्न के बीच हत्या की एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है. जहां लोग एक-दूसरे को रंग लगा रहे थे. वहीं तितरौदा गांव में चिकन की दावत को लेकर हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली. चिकन शॉप पर हुई कहासुनी के बाद कुछ युवकों ने बड़वाद गांव के रहने वाले अमृत शर्मा को घेर लिया और उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमलावरों ने अमृत को संभलने तक का मौका नहीं दिया और पांच बार चाकू गोदकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी.

यह भी देखें...

दावत के बहाने बुलाया और हो गया विवाद

जानकारी के मुताबिक, मृतक अमृत शर्मा को उसके दोस्त समीर ने होली की दावत के लिए तितरौदा गांव बुलाया था. अमृत जब गांव की एक चिकन शॉप पर पहुंचा तो वहां मौजूद कुछ युवकों से चिकन को लेकर उसकी मामूली कहासुनी हो गई. देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि बात मारपीट तक पहुंच गई. परिजनों का गंभीर आरोप है कि सुहैल, अनस, शौकीन और चिंकू सहित पांच युवकों ने अमृत को घेर लिया. हमलावरों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए अमृत पर चाकुओं से हमला किया. बताया जा रहा है कि एक वार सीधे उसके दिल में, एक पेट में और तीन वार कमर पर किए गए. अत्यधिक खून बह जाने के कारण अमृत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

गांव में तनाव, समुदाय विशेष के युवकों पर आरोप

हत्या की खबर फैलते ही इलाके में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बन गई है. मृतक के चाचा कल्लू शर्मा का कहना है कि उनका किसी से कोई पुराना विवाद नहीं था. यह हमला अचानक हुआ है. परिजनों ने समुदाय विशेष के युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है. सुरक्षा के मद्देनजर गांव में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है.

पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों की तलाश

सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. सिंघावली अहीर थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस की कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.