Budaun News: बदायूं के लाभारी गांव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें आरती नाम की एक लड़की अपनी जलती हुई झोपड़ी के सामने खड़ी होकर पुलिस और लेखपाल पर घर जलाने का आरोप लगा रही है. गुस्से में तमतमाई यह लड़की वीडियो में कह रही है कि वह फूलन देवी बनकर अपना बदला लेगी. वहीं, पुलिस ने लड़की के इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है और कहा है कि सरकारी काम रोकने के लिए परिवार ने खुद अपनी झोपड़ी में आग लगाई थी.
ADVERTISEMENT
लड़की ने पुलिस पर लगाए आरोप
वायरल वीडियो में आरती उर्फ शिवानी पुलिस और राजस्व विभाग की टीम पर गंभीर आरोप लगा रही है. उसका कहना है कि पुलिस और लेखपाल ने पांच लाख रुपये की रिश्वत लेकर जबरन उसके झोपड़ी वाले घर में आग लगा दी. गुस्से से भरी लड़की कैमरे के सामने कह रही है कि वह फूलन देवी बनकर इसका बदला लेगी और आग लगाने वालों के घरों को भी जला देगी. इसके साथ ही वह चप्पल से अधिकारियों को पीटने की धमकी भी दे रही है.
पुलिस ने बताई अपनी अलग कहानी
इस पूरे मामले में पुलिस का पक्ष लड़की के दावों से बिल्कुल अलग है. पुलिस के मुताबिक, यह सारा विवाद जमीन नापने और कब्जे को लेकर शुरू हुआ था. पुलिस का कहना है कि 1 अक्टूबर को जब राजस्व टीम और पुलिस जमीन का विवाद सुलझाने गांव पहुंची, तो लड़की के परिवार ने सरकारी काम में बाधा डाली. पुलिस का साफ दावा है कि कार्रवाई को रोकने और घटना को गलत रूप देने के लिए उन्होंने खुद ही अपनी झोपड़ी में आग लगाई थी.
चार लोग जेल गए, जांच जारी
इस मामले में पुलिस ने अपनी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. हल्का लेखपाल की शिकायत पर कादर चौक थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें से चार लोगों को जेल भेज दिया गया है और एक महिला को मुचलके पर छोड़ दिया गया है. वहीं, इस मामले में राजनीति भी शुरू हो गई है. समाजवादी पार्टी के सांसद आदित्य यादव ने पुलिस पर निर्दोषों को फंसाने का आरोप लगाते हुए इस मामले की निष्पक्ष जांच किसी दूसरे थाने से कराने की मांग की है.
ADVERTISEMENT










