Ghaziabad News: दशहरे के त्योहार की तैयारियों के बीच गाजियाबाद के साहिबाबाद इलाके से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. लाजपत नगर इलाके में रावण का पुतला बनाते समय उसमें रखे पटाखों में भयानक ब्लास्ट हो गया. इस दर्दनाक हादसे में कुछ बच्चों समेत कुल पांच लोग बुरी तरह झुलस गए हैं, जिन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया है.
ADVERTISEMENT
पुतले में पटाखे भरते समय धमाका
यह घटना साहिबाबाद के लाजपत नगर में स्थित एक सामुदायिक भवन में सुबह करीब 9:30 बजे हुई. यहाँ कारीगर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले तैयार कर रहे थे. जब मजदूर पुतलों के अंदर पटाखे भर रहे थे, तभी अचानक एक छोटी सी चिंगारी पटाखों पर गिर गई. इससे वहां एक जोरदार धमाका हुआ जिससे इमारत को नुकसान पहुंचा और पल भर में पूरे भवन में धुआं फैल गया.
हादसे में पांच लोग हुए घायल
धमाका इतना तेज था कि भवन में काम कर रहे पांच लोग बुरी तरह से झुलस गए. पुलिस के अनुसार, इन घायलों में कुछ बच्चे भी शामिल हैं. हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी को पास के अंबे अस्पताल ले जाया गया. वहां घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए दो लोगों को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल और तीन अन्य को जीटीबी अस्पताल भेज दिया गया है.
पुलिस ने दी मामले की जानकारी
घटना की खबर मिलते ही साहिबाबाद के एसीपी अमित सक्सेना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने साफ किया कि यहां कोई अवैध पटाखे नहीं बन रहे थे, बल्कि सिर्फ रामलीला के लिए पुतले तैयार किए जा रहे थे. पुतला बनाने का ठेका पिलखुआ के रहने वाले अनिल सिंह को मिला था और उनके ही मजदूर यह काम कर रहे थे. फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि पुतले में पटाखे भरते समय सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया था या नहीं.
ADVERTISEMENT










