कानपुर: थाईलैंड की महिला से ₹60 लाख की ठगी, धर्मांतरण का दबाव और मारपीट! आरोपी कारोबारी गिरफ्तार

यूपी तक

• 05:48 PM • 07 Oct 2026

कानपुर में थाई महिला ने प्रेम और शादी के बहाने 60 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है. मामले में धर्म परिवर्तन का दबाव भी बताया गया। आरोपी गिरफ्तार है.

Google CTA

कानपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां मोहब्बत, शादी, 60 लाख की धोखाधड़ी और धर्म परिवर्तन के दबाव का बड़ा खुलासा हुआ है. थाईलैंड की एक महिला ने कानपुर के लाटूश रोड निवासी कारोबारी मोहम्मद इरफान पर खुद को कुंवारा बताकर शादी करने, व्यापार के नाम पर करीब 60 लाख रुपये ऐंठने और रकम वापस मांगने पर इस्लाम कबूल कर बुर्का पहनने की शर्त रखने का आरोप लगाया है. इतना ही नहीं जब पीड़ित महिला अपने पैसे मांगने कानपुर स्थित इरफान के घर पहुंची तो उसे पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे भी हैं. महिला के साथ मारपीट की शिकायत मिलने पर अनवरगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी इरफान को गिरफ्तार कर लिया है.

यह भी देखें...

सोशल मीडिया से दोस्ती, थाईलैंड में रची शादी

पूरे मामले की शुरुआत करीब 4 साल पहले हुई, जब थाईलैंड की महिला की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए कानपुर के कारोबारी मोहम्मद इरफान से हुई. इरफान का व्यापार के सिलसिले में थाईलैंड आना-जाना लगा रहता था. बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और महिला के दावे के अनुसार, करीब 2 साल पहले दोनों ने थाईलैंड में स्थानीय रीति-रिवाजों से शादी कर ली.

कारोबारी जरूरतों का बहाना बनाकर ऐंठे ₹60 लाख

शादी के बाद इरफान ने महिला को अपनी कारोबारी जरूरतों और व्यापारिक समस्याओं का हवाला देकर किश्तों में पैसे मांगना शुरू किया. महिला ने भरोसा करते हुए अपनी मेहनत की कमाई के साथ-साथ अपने रिश्तेदारों से उधार लेकर करीब ₹60 लाख इरफान को सौंप दिए.

पैसे मांगे तो रखी धर्म परिवर्तन और बुर्का पहनने की शर्त

जब महिला ने अपनी दी हुई रकम वापस मांगी या साथ रहने की बात कही, तो आरोप है कि इरफान ने उस पर भारत आकर रहने, इस्लाम धर्म अपनाने और बुर्का पहनने का दबाव बनाना शुरू कर दिया. महिला द्वारा इन शर्तों को मानने से इनकार करने पर फरवरी 2026 में इरफान भारत लौट आया और धीरे-धीरे उसने महिला से फोन पर बातचीत और संपर्क पूरी तरह बंद कर दिया.

कानपुर पहुंची महिला तो खुला पहले से शादीशुदा होने का राज

इरफान का कोई सुराग न मिलने पर पीड़ित महिला 6 अक्टूबर 2026 को अपने एक परिचित के साथ सीधे कानपुर के लाटूश रोड स्थित उसके घर पहुंच गई. वहां पहुंचते ही महिला के होश उड़ गए, जब उसे पता चला कि इरफान पहले से ही शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं. महिला का आरोप है कि सच का विरोध करने और अपने पैसे मांगने पर इरफान और उसके परिवार ने उसके साथ मारपीट भी की.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपी इरफान सलाखों के पीछे

पीड़ित महिला ने शादी के फोटो, वित्तीय लेन-देन के दस्तावेज और सबूतों के साथ पुलिस से न्याय की गुहार लगाई. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की.

डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने मामले की जानकारी देते हुए बताया:

"थाईलैंड की एक महिला की शिकायत पर थाना अनवरगंज में सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है.महिला का आरोप है कि आरोपी इरफान ने खुद को अविवाहित बताकर उससे शादी की, धोखाधड़ी से ₹60 लाख लिए, मारपीट की और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया. नामजद आरोपी मोहम्मद इरफान को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है."